गुडरूपारा के 150 गरीब परिवारों ने भू-स्वामी पट्टे की लगाई गुहार, विधायक को सौंपा ज्ञापन

प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ नहीं मिलने की बताई समस्या, विधायक ने तहसीलदार को दिए आवश्यक निर्देश
महासमुंद। शहर के वार्ड क्रमांक 18 स्थित गुडरूपारा तालाब के समीप शासकीय भूमि पर झोपड़ी बनाकर वर्षों से निवास कर रहे गरीब परिवारों ने विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा से मुलाकात कर भू-स्वामी पट्टा जारी करने की मांग की। इस संबंध में उन्होंने विधायक को ज्ञापन सौंपते हुए जमीन का मालिकाना हक दिलाने की मांग की।
ज्ञापन में बताया गया कि वार्ड क्रमांक 18 के गुडरूपारा तालाब के पास स्थित खसरा क्रमांक 1543 की शासकीय भूमि पर लगभग 150 परिवार लंबे समय से निवास कर रहे हैं। राज्य शासन द्वारा कब्जाधारी परिवारों का सर्वे कर उन्हें मालिकाना हक देने की योजना संचालित की जा रही है, ऐसे में उन्हें भी इसका लाभ प्रदान किया जाए।
निवासरत परिवारों ने बताया कि वर्ष 1984 में सरकार द्वारा कुछ परिवारों को पट्टा प्रदान किया गया था, जिसकी अवधि अब समाप्त हो चुकी है। वर्तमान में भूमि का स्वामित्व नहीं होने के कारण वे प्रधानमंत्री आवास योजना सहित अन्य शासकीय योजनाओं का लाभ लेने से भी वंचित हैं।
विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उचित निराकरण का आश्वासन दिया। उन्होंने महासमुंद तहसीलदार को मामले का परीक्षण कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
इस दौरान नगर पालिका उपाध्यक्ष देवीचंद राठी, भाजपा मंडल अध्यक्ष महेंद्र सिका, भाजपा नेता गोविंद ठाकुर, वार्ड क्रमांक 18 की पार्षद माधुरी यदु सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

इन्हें भी पढ़े