वर्षों पुरानी मांग पूरी, पेंशनरों को मिलेगा अपना भवन

नगर पालिका की पीआईसी बैठक में प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित, सतबहनिया चौक स्थित भवन पेंशनर्स एसोसिएशन को देने का निर्णय
महासमुंद। वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान और सुविधाओं को प्राथमिकता देते हुए नगर पालिका महासमुंद ने पेंशनरों की वर्षों पुरानी मांग पूरी कर दी है। नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू की पहल पर पेंशनर्स एसोसिएशन के लिए अलग भवन उपलब्ध कराने का प्रस्ताव नगर पालिका की पीआईसी (प्रेसिडेंट-इन-काउंसिल) की बैठक में सर्वसम्मति से पारित किया गया। निर्णय के तहत सतबहनिया चौक के पास स्थित एक पुराने भवन को पेंशनर संघ के उपयोग के लिए उपलब्ध कराया जाएगा।
जानकारी के अनुसार, पेंशनर्स एसोसिएशन लंबे समय से अपने लिए स्थायी भवन की मांग कर रहा था। दो दिन पूर्व आयोजित पीआईसी बैठक में नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू ने इस मांग को गंभीरता से रखते हुए भवन आवंटित करने का प्रस्ताव रखा, जिसे सभी सदस्यों ने सर्वसम्मति से मंजूरी दी। भवन मिलने से अब वरिष्ठ नागरिकों को बैठकें आयोजित करने, अपनी समस्याओं पर चर्चा करने तथा सामाजिक एवं संगठनात्मक गतिविधियों के संचालन के लिए स्थायी स्थान उपलब्ध होगा।
निर्णय के बाद गुरुवार को पेंशनर्स एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने नगर पालिका कार्यालय पहुंचकर अध्यक्ष निखिलकांत साहू से सौजन्य भेंट की और वर्षों पुरानी मांग पूरी होने पर उनका आभार व्यक्त किया। पदाधिकारियों ने कहा कि यह निर्णय वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान और उनके प्रति नगर पालिका की संवेदनशील सोच का परिचायक है।
नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू ने कहा कि वरिष्ठजन समाज की अमूल्य धरोहर हैं। उनके अनुभव और मार्गदर्शन से नई पीढ़ी को दिशा मिलती है। उन्होंने कहा कि पेंशनर संघ की मांग को पूरा करना नगर पालिका का नैतिक दायित्व था। भविष्य में भी वरिष्ठ नागरिकों के हितों तथा जनकल्याण से जुड़े कार्यों को पूरी प्रतिबद्धता के साथ आगे बढ़ाया जाएगा, ताकि किसी भी वरिष्ठजन को उपेक्षित महसूस न करना पड़े और उन्हें सम्मानपूर्वक आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
इस अवसर पर भारतीय राज्य पेंशनर संघ जिला शाखा महासमुंद के अध्यक्ष रिखीराम साहू, पेंशनर एसोसिएशन महासमुंद के अध्यक्ष रामकुमार साहू, जिला सचिव शिवकुमार साहू, बोधन लाल साहू, गोवर्धन साहू, चमन लाल साहू, राधेश्याम दुबे, ज्ञान सिंह चंदेल, सुशील कुमार शर्मा, संतुराम साहू, जगदीश लाल साहू सहित पूर्व पार्षद मनीष शर्मा, रिंकू चंद्राकर एवं अन्य सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए इसे पेंशनरों के हित में महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक कदम बताया।

इन्हें भी पढ़े