नए मकान में बिजली कनेक्शन लगवाने के दौरान विवाद
महासमुंद। पिथौरा थाना क्षेत्र के ग्राम गिरना में नए मकान में बिजली कनेक्शन लगवाने के दौरान हुए विवाद में दो लोगों द्वारा एक व्यक्ति से मारपीट करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़ित की रिपोर्ट पर आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार ग्राम गिरना निवासी सुरेश विश्वकर्मा ने शिकायत दर्ज कराई कि 4 अगस्त को वह अपने नए मकान में बिजली कनेक्शन लगवा रहा था। इसी दौरान गांव के त्रिलोचन गड़तिया और लोकनाथ बरिहा वहां पहुंचे और बिजली कनेक्शन को लेकर विवाद करते हुए गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर दोनों ने उसके साथ मारपीट की। घटना के दौरान मौजूद बिजली विभाग के कर्मचारियों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। पिथौरा पुलिस ने शिकायत के आधार पर दोनों आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 115(2), 296, 3(5) एवं 351(3) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
