स्वतंत्रता संग्राम सेनानी विशालदेव गिरी के सम्मान में शिलालेख स्थापित करने की मांग

उत्तराधिकारी संगठन ने विधानसभा अध्यक्ष को सौंपा ज्ञापन, कलेक्टोरेट परिसर में शिलालेख लगाने की उठाई मांग
महासमुंद। स्वतंत्रता संग्राम सेनानी उत्तराधिकारी संगठन के अध्यक्ष नारायण गिरी के नेतृत्व में संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह को ज्ञापन सौंपकर महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी विशालदेव गिरी के सम्मान में जिला कलेक्टोरेट परिसर में शिलालेख स्थापित कराने की मांग की है।
ज्ञापन में कहा गया है कि स्वतंत्रता आंदोलन में विशालदेव गिरी का महत्वपूर्ण योगदान रहा है, लेकिन आज उनकी स्मृतियों को अपेक्षित सम्मान नहीं मिल पाया है। संगठन ने मांग की है कि कलेक्टोरेट परिसर में शिलालेख स्थापित कर उनके त्याग, संघर्ष और राष्ट्रसेवा को स्थायी रूप से संरक्षित किया जाए, ताकि आने वाली पीढ़ियां उनके योगदान से प्रेरणा ले सकें।
संगठन ने बताया कि पूर्व में भी इस संबंध में कई बार प्रशासन और जनप्रतिनिधियों का ध्यान आकर्षित कराया गया था। अब विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह से मुलाकात कर उन्हें ज्ञापन सौंपते हुए इस मांग पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई करने का आग्रह किया गया है। ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने इस मांग के संबंध में सकारात्मक पहल का आश्वासन दिया है।
संगठन का कहना है कि शिलालेख स्थापित होने से स्वतंत्रता संग्राम सेनानी विशालदेव गिरी के योगदान को उचित सम्मान मिलेगा तथा जिले के नागरिकों और युवाओं को स्वतंत्रता आंदोलन के इतिहास से जुड़ने का अवसर प्राप्त होगा।
इस अवसर पर स्वतंत्रता संग्राम सेनानी उत्तराधिकारी संगठन के अध्यक्ष नारायण गिरी सहित संगठन के सदस्य नरेश गिरी, दिनेश गिरी, कुबेर गिरी, श्रवण नारायण गिरी, राकेश गिरी, मनोज गिरी, प्रमोद गिरी, त्रिभुवन गिरी, रोमानंद गिरी, सर्वेश गिरी, योगेश गिरी, संयोग गिरी, ललाट आनंद गिरी, गिरिश गिरि तथा सुभाष चंद्राकर सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।