मलेरिया मुक्त छत्तीसगढ़ अभियान का 14वां चरण शुरू
1.57 लाख लोगों की होगी जांच, 23 जून तक 19,247 लोगों की जांच
नारायणपुर, 05 अगस्त 2026// राष्ट्रीय वेक्टर जनित रोग नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत जिले में मलेरिया मुक्त छत्तीसगढ़ अभियान का 14वां चरण 15 जून 2026 से 14 जुलाई 2026 तक संचालित किया जा रहा है। यह अभियान कलेक्टर के मार्गदर्शन एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. टी.आर. कुंवर के नेतृत्व में जिलेभर में प्रभावी रूप से चलाया जा रहा है। अभियान की शुरुआत ग्राम आकाबेड़ा स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर से की गई, जहां ग्राम सरपंच श्रीमती उर्मिला हिच्चामी एवं जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।
नारायणपुर जिला अबूझमाड़ जैसे दुर्गम एवं पूर्व में मलेरिया प्रभावित क्षेत्रों वाला जिला है। इसी को ध्यान में रखते हुए स्वास्थ्य विभाग द्वारा घर-घर पहुंचकर आरडी किट के माध्यम से मलेरिया की जांच की जा रही है। अभियान के 14वें चरण में जिले की 1 लाख 57 हजार 180 लक्ष्य आबादी की जांच का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार 23 जून 2026 तक 19 हजार 247 लोगों की जांच की जा चुकी है, जिसमें 56 व्यक्ति मलेरिया पॉजिटिव पाए गए हैं। सभी मरीजों को तत्काल दवा की पहली खुराक देकर उपचार शुरू कर दिया गया है। शेष दवा स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं एवं मितानिनों की निगरानी में समय पर दी जा रही है ताकि मरीज पूरी तरह स्वस्थ हो सकें।
अभियान को सफल बनाने के लिए जिले में 198 सर्वे दल गठित किए गए हैं, जिनमें कुल 552 स्वास्थ्यकर्मी कार्यरत हैं। इनके कार्यों की निगरानी एवं गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए 24 सुपरवाइजर नियुक्त किए गए हैं। सभी सर्वे दलों को पूर्व प्रशिक्षण देकर आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई गई है। स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि मलेरिया पॉजिटिव मरीजों को उपचार के दौरान स्थानीय पौष्टिक खाद्य सामग्री एवं चिक्की भी उपलब्ध कराई जा रही है। साथ ही लोकभाषा में नुक्कड़ नाटक, जनजागरूकता अभियान, प्रचार-प्रसार और मितानिनों के माध्यम से लोगों को मलेरिया से बचाव के उपाय बताए जा रहे हैं।
अभियान के तहत मलेरिया रोधी दवा लगी मच्छरदानियों के नियमित उपयोग, घरों की भीतरी दीवारों पर कीटनाशक दवा के छिड़काव, स्वच्छता बनाए रखने तथा जलभराव रोकने के लिए भी लोगों को प्रेरित किया जा रहा है। पॉजिटिव मरीजों की उपचार के बाद पुनः स्लाइड जांच कर संक्रमण की पुष्टि की जाएगी ताकि रोग का पूर्ण उन्मूलन सुनिश्चित किया जा सके। स्वास्थ्य विभाग का लक्ष्य जिले में मलेरिया की पॉजिटिविटी दर एवं वार्षिक परजीवी सूचकांक को न्यूनतम स्तर तक लाकर नारायणपुर को मलेरिया मुक्त जिले की दिशा में आगे बढ़ाना है। इसके लिए जिला एवं विकासखंड स्तर पर नियमित समीक्षा बैठकें आयोजित कर अभियान की सतत मॉनिटरिंग एवं सुपरविजन भी किया जा रहा है।
