सीएम हेल्पलाइन की शिकायत का हुआ निराकरण

बेनूर सोसायटी में किसान को अस्मलाल साहू को शेष डीएपी खाद देने के निर्देश
नारायणपुर, 05 अगस्त 2026// जिले के बेनूर सेवा सहकारी समिति से संबंधित रासायनिक उर्वरक वितरण को लेकर 16 जुलाई 2026 को दर्ज की गई सीएम हेल्पलाइन शिकायत का निराकरण कर दिया गया है। शिकायत के संबंध में विभाग द्वारा शिकायतकर्ता से मोबाइल नंबर 7722826133 पर संपर्क कर वस्तुस्थिति की जानकारी ली गई।
शिकायतकर्ता अस्मलाल साहू ने बताया कि वह बेनूर सोसायटी से जुड़े हैं तथा उन्हें अपनी कृषि भूमि के लिए आवश्यक मात्रा में डीएपी खाद नहीं मिल पा रहा था। उनका कहना था कि एक हेक्टेयर के लिए लगभग 16,500 रुपये मूल्य के उर्वरक की आवश्यकता है, लेकिन निर्धारित मात्रा की तुलना में कम डीएपी मिलने से कृषि कार्य प्रभावित हो रहा है। इस संबंध में उन्होंने शीघ्र कार्रवाई की मांग करते हुए 16 जुलाई को सीएम हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कराई थी। मार्कफेड द्वारा बेनूर सोसायटी को 326.16 टन यूरिया एवं 245 टन डीएपी पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध कराया गया है। शिकायत के निराकरण के दौरान शिकायतकर्ता एवं बेनूर सोसायटी के प्रभारी उमेश नायक के बीच कॉन्फ्रेंस कॉल कराई गई, जिसमें सोसायटी प्रभारी को नियमानुसार उर्वरक वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
सोसायटी प्रभारी ने बताया कि शिकायतकर्ता को पहले ही कुछ मात्रा में खाद उपलब्ध कराया जा चुका है तथा शेष आवश्यक डीएपी खाद भी नियमानुसार उपलब्ध करा दिया जाएगा। इसके बाद शिकायतकर्ता ने विभाग द्वारा की गई कार्रवाई पर संतोष व्यक्त किया। आउटबाउंड सत्यापन कॉल के दौरान शिकायतकर्ता की सहमति मिलने पर सीएम हेल्पलाइन की शिकायत का सफलतापूर्वक निराकरण कर बंद कर दिया गया।