वार्ड क्रमांक-15 डुमरतराई की उचित मूल्य दुकान संचालन हेतु आवेदन
19 अगस्त तक करें आवेदन
नारायणपुर, 05 अगस्त 2026// नगर पालिका परिषद नारायणपुर के वार्ड क्रमांक-15 डुमरतराई स्थित उचित मूल्य दुकान (आईडी-461003013) के संचालन के लिए पात्र समितियों एवं महिला स्व-सहायता समूहों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। यह आवेदन प्रक्रिया सार्वजनिक वितरण प्रणाली (नियंत्रण) आदेश, 2004 के खंड-9 के तहत संचालित की जा रही है।वृहदाकार आदिम जाति बहुउद्देशीय सहकारी समितियां (लैम्प्स), प्राथमिक सहकारी साख समितियां, वन सुरक्षा समिति, महिला स्व-सहायता समूह, अन्य उपभोक्ता सहकारी समितियां तथा स्थानीय नगरीय निकाय नगर पालिका परिषद नारायणपुर आवेदन करने के पात्र होंगे। खाद्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि अन्य सहकारी समितियों एवं महिला स्व-सहायता समूहों का पंजीयन एवं बैंक खाता आवेदन की अंतिम तिथि से कम से कम तीन माह पूर्व का होना अनिवार्य है। साथ ही संबंधित संस्था को सामाजिक एवं आर्थिक क्षेत्र में कार्य करने का अनुभव भी होना चाहिए।इच्छुक संस्थाएं निर्धारित प्रारूप में आवेदन पत्र आवश्यक दस्तावेजों सहित कार्यालय कलेक्टर (खाद्य शाखा), जिला नारायणपुर में 05 अगस्त 2026 से 19 अगस्त 2026 तक कार्यालयीन समय में जमा कर सकती हैं। खाद्य अधिकारी ने सभी पात्र संस्थाओं, सहकारी समितियों एवं महिला स्व-सहायता समूहों से निर्धारित समय-सीमा के भीतर आवेदन प्रस्तुत करने की अपील की है, ताकि वार्ड क्रमांक-15 के हितग्राहियों को सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत खाद्यान्न का नियमित एवं सुचारु वितरण सुनिश्चित किया जा सके।
