भारत स्काउट्स एवं गाइड्स जिला परिषद की वार्षिक बैठक आज
वार्षिक कैलेंडर, आय-व्यय अनुमोदन और स्काउटिंग गतिविधियों के विस्तार पर होगी चर्चा
महासमुंद। भारत स्काउट्स एवं गाइड्स छत्तीसगढ़, जिला परिषद महासमुंद की वार्षिक बैठक का आयोजन 5 अगस्त को पूर्वान्ह 11 बजे से शासकीय जेजेएस हिन्दी माध्यम उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के सभागार में किया जाएगा। बैठक में जिले की आगामी गतिविधियों की रूपरेखा तय करने के साथ ही संगठन को और अधिक सक्रिय एवं प्रभावी बनाने को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिए जाएंगे।
बैठक में राज्य मुख्य आयुक्त इंद्रजीत सिंह खालसा, जिलाध्यक्ष ऐतराम साहू, जिला मुख्य आयुक्त चंद्रहास चंद्राकर सहित जिला परिषद के सभी सदस्य उपस्थित रहेंगे। बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष ऐतराम साहू करेंगे।
बैठक के दौरान वर्ष 2026-27 के वार्षिक कैलेंडर कार्यक्रम को अंतिम रूप देने, गत वर्ष के आय-व्यय का अनुमोदन करने, जिले में स्काउटिंग एवं गाइडिंग गतिविधियों को प्रोत्साहित करने तथा राज्य मुख्यालय से प्राप्त दिशा-निर्देशों के अनुरूप आगामी कार्ययोजना तैयार करने पर विस्तार से विचार-विमर्श किया जाएगा।
जिला परिषद के पदाधिकारियों ने सभी सदस्यों से समय पर बैठक में उपस्थित होकर संगठन के विकास एवं स्काउट-गाइड गतिविधियों को अधिक प्रभावी बनाने के लिए अपने सुझाव देने की अपील की है। बैठक में लिए जाने वाले निर्णयों के आधार पर जिले में वर्षभर आयोजित होने वाले प्रशिक्षण, सेवा कार्यों एवं विभिन्न कार्यक्रमों की रूपरेखा भी तय की जाएगी।
