खेत में छिपाकर रखी 15 लीटर महुआ शराब जब्त, आरोपी गिरफ्तार

महासमुंद। बसना पुलिस ने अवैध महुआ शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए ग्राम जोगीदादर के एक खेत से 15 लीटर हाथभट्ठी महुआ शराब बरामद की है। मामले में आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत अपराध दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम जोगीदादर में एक व्यक्ति अपने मामा की झोपड़ी के पास स्थित खेत में अवैध महुआ शराब बिक्री के लिए छिपाकर रखे हुए है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी, जहां एक अधेड़ व्यक्ति को पकड़कर पूछताछ की गई। उसने अपना नाम हरीशचंद्र चौहान (40 वर्ष), निवासी ग्राम जोगीदादर बताया।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से करीब 15 लीटर हाथभट्ठी महुआ शराब, जिसकी अनुमानित कीमत 3 हजार रुपए है, बरामद की गई। पुलिस ने शराब जब्त कर आरोपी के विरुद्ध धारा 34(2) आबकारी अधिनियम के तहत अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।