पूनम ने रुद्राभिषेक में की पूजा-अर्चना, प्रदेश व क्षेत्र की खुशहाली की कामना
जन्मदिन पर विधायक ने दी शुभकामनाएं, श्रावण मास की महत्ता बताते हुए समाज में प्रेम, सद्भाव और सेवा का दिया संदेश
महासमुंद। पवित्र श्रावण मास के प्रथम सोमवार के शुभ अवसर पर विशाल मेगा मार्ट परिसर में विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा एवं उनके परिवार के सौजन्य से आयोजित रुद्राभिषेक एवं हवन-पूजन में पूर्व राज्यमंत्री पूनम चंद्राकर ने श्रद्धा और भक्ति के साथ सहभागिता की। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच संपन्न हुए रुद्राभिषेक में उन्होंने भगवान भोलेनाथ का अभिषेक कर प्रदेश एवं क्षेत्रवासियों के सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य, शांति और खुशहाली की कामना की।
इससे पूर्व पूर्व राज्यमंत्री पूनम चंद्राकर के कार्यालय पहुंचने पर विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने उनके जन्मदिन के अवसर पर पुष्पगुच्छ भेंट कर शुभकामनाएं एवं बधाई दी। इस अवसर पर उपस्थित भाजपा नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने भी उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं प्रेषित कीं। इसके पश्चात सभी ने सामूहिक रूप से रुद्राभिषेक एवं हवन-पूजन में भाग लिया।
पूजा-अर्चना के दौरान पूनम चंद्राकर ने भगवान शिव से क्षेत्र के सर्वांगीण विकास, किसानों की समृद्धि, युवाओं को बेहतर रोजगार के अवसर तथा समाज में भाईचारा, सद्भाव और सकारात्मक वातावरण बनाए रखने की प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि श्रावण मास भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा में विशेष आस्था एवं आध्यात्मिक महत्व का प्रतीक है। भगवान शिव की आराधना से जीवन में सकारात्मक ऊर्जा, आत्मिक शांति और नई प्रेरणा का संचार होता है। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से प्रेम, सद्भाव और सेवा की भावना को अपने जीवन में अपनाने तथा सामाजिक एकता को मजबूत करने का आह्वान भी किया।
इस अवसर पर भाजपा नेता संदीप दीवान, निरंजना शर्मा, सतपाल सिंह पाली, प्रकाश शर्मा, हनीश बग्गा, राजेंद्र चंद्राकर, अरविंद प्रहरे, प्रभा साहू, माखन पटेल, लक्ष्मी साहू, शरद मराठा, रामेश्वर पटवा, दिनेश रूपरेला, मिलिंद चंद्राकर, नईम खान सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।
