कलेक्टर ने बाढ़ एवं आपदा प्रबंधन को लेकर अधिकारियों की बैठक ली

राहत एवं बचाव कार्यों की तैयारियों की समीक्षा, अधिकारियों को सतर्क रहने के दिए निर्देश
कोंडागांव 01 अगस्त 2026/ कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना की अध्यक्षता में शुक्रवार को जिला कार्यालय में पुलिस, राजस्व एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में बाढ़ एवं अन्य प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए की गई तैयारियों की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने सभी संबंधित विभागों को आवश्यक संसाधनों के साथ पूर्णतः तैयार रहने तथा मेडिकल टीमों को भी अलर्ट मोड में रखने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिन पुल-पुलियों पर जलस्तर बढ़ने से आवागमन प्रभावित हो, वहां तत्काल बैरिकेडिंग कर लोगों की आवाजाही प्रतिबंधित करें। उन्होंने गांव-गांव में मुनादी कराकर लोगों को जलस्तर सामान्य होने तक नदी-नालों को पार नहीं करने तथा बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में जाने से बचने के लिए जागरूक करने के निर्देश दिए। साथ ही जर्जर स्कूल एवं आंगनबाड़ी भवनों में कक्षाओं का संचालन नहीं करने के सख्त निर्देश भी दिए।
बैठक में कलेक्टर ने सभी एसडीएम एवं जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को निर्देशित किया कि मैदानी अमला पूरी तरह सतर्कता के साथ कार्य करे तथा किसी भी घटना की सूचना तत्काल उपलब्ध कराए, ताकि समय पर राहत, बचाव एवं आवश्यक सहायता सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने मलेरिया एवं अन्य मौसमी बीमारियों की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य विभाग को आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कपिल चन्द्रा, एसडीओपी रूपेश कुमार और आईटीबीपी एवं सीआरपीएफ के अधिकारी, पुलिस विभाग एवं होमगार्ड के अधिकारी उपस्थित रहे। वहीं वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिला स्तरीय अधिकारी बैठक से जुड़े।

इन्हें भी पढ़े