श्रावण में शिवमय हुआ महासमुंद, मां महामाया मंदिर में पूरे माह चलेगा रुद्राभिषेक
पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू परिवार का धार्मिक संकल्प, प्रतिदिन वैदिक विधि से हो रहा अभिषेक; श्रद्धालुओं से सहभागिता की अपील
महासमुंद। पावन श्रावण मास के आगमन के साथ धर्म नगरी महासमुंद पूरी तरह शिवभक्ति के रंग में रंग गई है। नगर की कुलदेवी मां महामाया मंदिर में पूरे सावन माह तक भगवान शिव के रुद्राभिषेक एवं विशेष पूजन-अर्चना का आयोजन किया जा रहा है। यजमान श्रीमती सीतादेवी साहू, श्री मनोजकांत साहू एवं नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू परिवार की ओर से प्रतिदिन श्रद्धा, आस्था और वैदिक विधि-विधान के साथ रुद्राभिषेक संपन्न कराया जा रहा है।
श्रावण मास के इस विशेष अनुष्ठान में प्रतिदिन सुबह से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंच रहे हैं। मंदिर परिसर ‘हर-हर महादेव’ और ‘बम-बम भोले’ के जयघोष से गूंजायमान हो रहा है, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय बना हुआ है।
नगर पुरोहित पंडित पंकज तिवारी के आचार्यत्व में आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान में भगवान शिव का जल, दूध, दही, घी, शहद एवं बेलपत्र से अभिषेक किया जा रहा है। रुद्र सूक्त, शिव तांडव स्तोत्र एवं वैदिक मंत्रोच्चार के बीच धूप-दीप, शंख और घंटियों की मंगल ध्वनि से मंदिर परिसर शिवमय हो उठता है। यजमान परिवार प्रतिदिन सुबह 8 बजे से 11 बजे तक पूजा-अर्चना में शामिल होकर नगर की सुख-समृद्धि, शांति और जनकल्याण की कामना कर रहा है।
पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू ने बताया कि श्रावण मास भगवान भोलेनाथ की आराधना का सर्वश्रेष्ठ समय माना जाता है। इसी भावना के साथ पूरे माह रुद्राभिषेक कराने का संकल्प लिया गया है। उन्होंने नगरवासियों एवं शिव भक्तों से अधिक से अधिक संख्या में मंदिर पहुंचकर धार्मिक अनुष्ठान में सहभागी बनने और भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि इस प्रकार के सामूहिक धार्मिक आयोजन समाज में आस्था, एकता, सद्भाव और सांस्कृतिक मूल्यों को सशक्त करते हैं। मां महामाया मंदिर में चल रहा यह माहभर का रुद्राभिषेक महासमुंद में आध्यात्मिक ऊर्जा और भक्तिभाव का केंद्र बन गया है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन-पूजन के लिए पहुंच रहे हैं।
