बालोद जिले के इतिहास में दर्ज हुआ वृहद पौधरोपण का नया कीर्तिमान
पहली बार आयोजित इस अभिनव कार्यक्रम के अवसर पर महतारी वंदन योजना के हितग्राहियों के अलावा सभी वर्ग के लोगों के द्वारा आज किया गया 02 लाख 50 हजार से अधिक पौधों का रोपण
बालोद, 30 जुलाई 2026/आज का दिन संपूर्ण बालोद जिले वासियों के लिए पर्यावरण के संरक्षण एवं संवर्धन की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण एवं ऐतिहासिक रहा। कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा के दिशा-निर्देशन एवं सतत मागदर्शन में बालोद जिला प्रशासन द्वारा आज आयोजित वृहद वृक्षारोपण महाअभियान के माध्यम से संपूर्ण जिले वासियों द्वारा वृहद पैमाने पर पौधरोपण कर नया कीर्तिमान स्थापित करते हुए बालोद जिले का नाम स्वर्णिम इतिहास में दर्ज किया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मंशानुरूप जल शक्ति अभियान ’कैच द रैन’ कार्यक्रम के अंतर्गत जिले में आयोजित महतारी वंदन वृक्षारोपण अभियान के नाम से पहली बार आयोजित अपने तरह के अनूठा एवं अभिनव कार्यक्रम के अवसर पर जिले के महतारी वंदन योजना से लाभान्वित 02 लाख 20 हजार हितग्राहियों के अलावा समाज के सभी वर्गों के लोगों के द्वारा आज अपने घरों, बाड़ियों, खेत-खलिहानों, स्कूल, आंगनबाड़ी भवनों एवं शासकीय कार्यालयों तथा अन्य उपयुक्त स्थानों पर आज 02 लाख 50 हजार से अधिक पौधों का रोपण किया गया। जिला प्रशासन एवं अन्य विभाग द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित इस वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम के अवसर पर जिले के जनप्रतिनिधियों, गणमान्य एवं प्रबुद्ध नागरिकों, अधिकारी-कर्मचारियों, बिहान की दीदियों एवं मितानिनों, विकसित भारत जीरामजी के श्रमिकों, स्व सहायता समूह की महिलाओं, पंच-सरपंचों, स्वयं सेवी तथा गैर सरकारी संगठनों के प्रतिनिधियों, छात्र-छात्राओं सहित किसान, मजदूरों तथा सभी वर्ग के लोगों ने ’एक पेड़ महतारी के नाम’ से पौधरोपण कर पर्यावरण के संरक्षण एवं संवर्धन के इस पुनीत कार्य में अपनी सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की है।
महतारी वंदन योजना के हितग्राहियों ने की जिला प्रशासन की इस महत्वपूर्ण अभियान की सराहना
समाज के सभी वर्गों के लोगों के साथ-साथ बालोद जिले के महतारी योजना के हितग्राहियों ने जिला प्रशासन के इस महत्वपूर्ण अभियान की भूरी-भूरी सराहना की है। उन्होंने कहा कि कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा के दिशा-निर्देशन में बालोद जिला प्रशासन द्वारा इस वर्ष महतारी वंदन वृक्षारोपण अभियान के माध्यम से वृहद वृक्षारोपण का जो महाअभियान चलाया जा रहा है। इससे हम सभी महतारी वंदन योजना के हितग्राही महिलाएं अत्यंत सम्मानित एवं गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं। जिला प्रशासन की इस पहल की सराहना करते हुए जिला मुख्यालय बालोद के वार्ड क्रमांक 18 शिकारी पारा के महतारी वंदन योजना के हितग्राही श्रीमती जयंती राव ने इस वर्ष के वृहद वृक्षारोपण अभियान को महतारी वंदन वृक्षारोपण अभियान का नाम देने के लिए जिला प्रशासन के प्रति विनम्र आभार व्यक्त करते हुए हृदय से धन्यवाद ज्ञापित किया है। इसी तरह वार्ड नंबर 18 शिकारी पारा निवासी श्रीमती योगेश्वरी देशमुख ने भी जिला प्रशासन के इस पहल को अत्यंत प्रशंसनीय बताते हुए सराहना व्यक्त की है। इसके साथ ही जिला प्रशासन के इस पहल की सराहना करते हुए वार्ड नंबर 12 गंजपारा बालोद निवासी श्रीमती श्वेता साहू ने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा इस वर्ष के वृक्षारोपण अभियान को महतारी वंदन वृक्षारोपण अभियान का नाम देकर हम सभी महतारी वंदन योजना के हितग्राहियों को सम्मानित करने का कार्य किया है। इसी तरह रेलवे काॅलोनी बालोद निवासी श्रीमती नीता पाठक ने भी जिला प्रशासन के इस महाअभियान को सभी माताओं और बहनों के सम्मान का अभियान बताया है। उन्होंने ने कहा कि जिस तरह से माता अपने बच्चों का देखभाल करती है इसी तरह हम सभी महिलाएं आज रोपे गए पौधों का मनोयोग से देखभाल करेंगे। जिला प्रशासन की इस अभियान की सराहना करते हुए वार्ड नंबर 02 बालोद निवासी श्रीमती जागेश्वरी ठाकुर ने कहा कि इस वर्ष के वृहद वृक्षारोपण अभियान को महतारी वंदन वृक्षारोपण अभियान का नाम दिए जाने से हम सभी महिलाएं अत्यंत अभिभूत है। इसके माध्यम से हम सभी महिलाओं में अपने कर्तव्य के प्रति दायित्वबोध होने के साथ-साथ गर्व एवं आशा का संचार भी हुआ। इसी तरह जिला प्रशासन के इस महत्वपूर्ण पहल की सराहना रेलवे काॅलोनी निवासी श्रीमती ललिता पाठक, शिकारी पारा निवासी श्रीमती देविका यादव सहित अन्य महिलाओं ने भी की है।
