महासमुंद को मिली ‘नीति तारा’ की डिजिटल ताकत, अब गांव-गांव पहुंचेगी नीति आयोग की योजनाओं की जानकारी
कलेक्टर की मौजूदगी में अत्याधुनिक स्मार्ट प्रोजेक्शन डिवाइस का प्रदर्शन व प्रशिक्षण
महासमुंद। आकांक्षी जिला कार्यक्रम और आकांक्षी विकासखंड कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन को गति देने के उद्देश्य से गुरुवार को जिला पंचायत सभाकक्ष में कलेक्टर विनय कुमार लंगेह की उपस्थिति में नीति आयोग द्वारा उपलब्ध कराई गई अत्याधुनिक ‘नीति तारा’ (टूलकिट फॉर एनालिसिस, रिव्यू एंड एक्शन) स्मार्ट प्रोजेक्शन डिवाइस का प्रदर्शन एवं प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों को डिवाइस के संचालन, उपयोग तथा इसकी तकनीकी विशेषताओं की विस्तृत जानकारी दी गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नीति आयोग की विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की जानकारी चिन्हांकित ग्रामों, आकांक्षी विकासखंडों तथा दूरस्थ क्षेत्रों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाई जाए, ताकि अधिक से अधिक नागरिक शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें।
जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री अनुपमा आनंद ने बताया कि ‘नीति तारा’ एक स्मार्ट डिजिटल प्रोजेक्शन डिवाइस है, जिसके माध्यम से नीति आयोग के पोर्टल, योजनाओं, प्रशिक्षण सामग्री, वीडियो एवं जन-जागरूकता संबंधी कंटेंट को बिना किसी जटिल तकनीकी प्रक्रिया के मात्र एक क्लिक पर प्रदर्शित किया जा सकता है। इससे मैदानी स्तर पर योजनाओं का प्रचार-प्रसार अधिक प्रभावी और सरल होगा।
प्रशिक्षण देने पहुंचे नीति आयोग के प्रशिक्षक विजय सोलंकी ने बताया कि महासमुंद जिले के लिए दो डिवाइस उपलब्ध कराई गई हैं। इनमें एक महासमुंद विकासखंड तथा दूसरी पिथौरा विकासखंड को प्रदान की गई है। उन्होंने बताया कि इस अत्याधुनिक डिवाइस में इन-बिल्ट स्पीकर, उच्च गुणवत्ता वाला प्रोजेक्शन सिस्टम तथा लगभग 300 इंच तक का डिस्प्ले उपलब्ध है, जिससे एक साथ बड़ी संख्या में लोगों को योजनाओं की जानकारी दी जा सकती है।
उन्होंने बताया कि ‘नीति तारा’ विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों, विद्यालयों, पंचायत भवनों, सामुदायिक सभाओं, प्रशिक्षण कार्यक्रमों एवं जन-जागरूकता अभियानों को ध्यान में रखकर तैयार की गई है। इंटरनेट उपलब्ध होने पर यह नीति आयोग के डिजिटल पोर्टल से सीधे सामग्री प्रदर्शित कर सकती है, जबकि आवश्यकता पड़ने पर ऑफलाइन सामग्री का प्रदर्शन भी संभव है। इससे अधिकारियों और मैदानी अमले को योजनाओं की जानकारी आमजन तक सरल, रोचक एवं प्रभावी तरीके से पहुंचाने में मदद मिलेगी।
इस पहल का मुख्य उद्देश्य आकांक्षी जिला एवं आकांक्षी विकासखंड कार्यक्रमों के तहत शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, कृषि, कौशल विकास, वित्तीय समावेशन और आधारभूत सेवाओं से जुड़ी योजनाओं के प्रति ग्रामीणों में जागरूकता बढ़ाना है। डिजिटल तकनीक के उपयोग से योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, पारदर्शिता और जनभागीदारी को भी नई मजबूती मिलने की उम्मीद है।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी, विकासखंड स्तरीय अधिकारी तथा संबंधित कर्मचारी उपस्थित रहे।
