राजस्व प्रकरणों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, समय-सीमा में करें निराकरण: विधायक

पटवारियों की बैठक में नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन सहित लंबित मामलों की समीक्षा, उत्कृष्ट कार्य के लिए किया सम्मानित
महासमुंद। क्षेत्र के किसानों एवं आम नागरिकों से जुड़े राजस्व प्रकरणों के त्वरित, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निराकरण को लेकर महासमुंद विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने क्षेत्र के पटवारियों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन, नक्शा सुधार, फौती नामांतरण सहित अन्य लंबित राजस्व मामलों की विस्तृत समीक्षा करते हुए समय-सीमा के भीतर निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले पटवारियों का सम्मान भी किया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए विधायक श्री सिन्हा ने कहा कि पटवारी शासन और आमजन के बीच सबसे महत्वपूर्ण कड़ी हैं। इसलिए प्रत्येक अधिकारी-कर्मचारी अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी ईमानदारी, निष्पक्षता और संवेदनशीलता के साथ करें। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि ग्रामीणों को छोटे-छोटे राजस्व कार्यों के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और सभी प्रकरणों का निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण किया जाए।
उन्होंने किसानों से जुड़े भूमि अभिलेखों के अद्यतन, फसल गिरदावरी, सीमांकन एवं राजस्व अभिलेखों की शुद्धता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। विधायक ने कहा कि राजस्व कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा। शासन की मंशा के अनुरूप आम नागरिकों को सरल, सुलभ और पारदर्शी राजस्व सेवाएं उपलब्ध कराना सभी अधिकारियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
बैठक में विधायक ने पटवारियों को राजस्व संबंधी शिकायतों का गंभीरता से परीक्षण कर उनका शीघ्र निराकरण करने तथा आमजन के साथ सौहार्दपूर्ण एवं विनम्र व्यवहार रखने की हिदायत दी। साथ ही क्षेत्र की राजस्व व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने, लंबित मामलों के शीघ्र निपटारे तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के सफल क्रियान्वयन पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में भाजपा नेता संदीप घोष, हरवंश सिंह (नानू भाई), दिनेश रूपरेला, रामेश्वर पटवा सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।

इन्हें भी पढ़े