महानदी का जलस्तर बढ़ने से इंटेकवेल में एहतियातन रुके तीन कर्मचारी, सभी सुरक्षित
पालिका अध्यक्ष ने कराया निरीक्षण, भोजन-पानी समेत सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध; अफवाहों से बचने की अपील
महासमुंद। महानदी में लगातार बढ़ रहे जलस्तर को देखते हुए नगर पालिका परिषद महासमुंद के इंटेकवेल में रात्रि पाली में कार्यरत तीन कर्मचारियों को एहतियातन इंटेकवेल परिसर में ही सुरक्षित रखा गया है। नगर पालिका प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि तीनों कर्मचारी पूरी तरह सुरक्षित हैं तथा उनके लिए भोजन, पेयजल एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था की गई है।
घटना की जानकारी मिलते ही नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू ने जल प्रभारी दुर्गेश कुंजेकार एवं संबंधित अधिकारियों को तत्काल इंटेकवेल पहुंचकर स्थिति का निरीक्षण करने तथा कर्मचारियों की सुरक्षा और शहर की पेयजल आपूर्ति व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
पालिका अध्यक्ष ने कहा कि कर्मचारियों की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। महानदी के जलस्तर पर लगातार नजर रखी जा रही है और जैसे ही जलस्तर सामान्य होगा, तीनों कर्मचारियों को सुरक्षित वापस लाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि नगर पालिका प्रशासन पूरी सतर्कता के साथ हालात पर निगरानी बनाए हुए है तथा शहर की पेयजल आपूर्ति निर्बाध रूप से जारी रखने के लिए आवश्यक सभी कदम उठाए जा रहे हैं।
पालिका अध्यक्ष श्री साहू ने नगरवासियों से अपील करते हुए कहा कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं पर ही विश्वास करें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वर्तमान स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और नागरिकों को किसी प्रकार की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है।
