अमोरा घाट में होगा मॉक एक्सरसाइज एवं मॉक ड्रिल

बाढ़, आकाशीय बिजली एवं वज्रपात जैसी आपदाओं से निपटने की तैयारियों का होगा अभ्यास, नागरिकों से सहयोग की अपील
बेमेतरा 16 जुलाई 2026/- प्राकृतिक आपदाओं के दौरान त्वरित एवं प्रभावी राहत-बचाव व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा विभिन्न विभागों की आपदा प्रबंधन क्षमता को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन बेमेतरा द्वारा शुक्रवार, 17 जुलाई 2026 को प्रातः 8ः00 बजे शिवनाथ नदी स्थित अमोरा घाट में मॉक एक्सरसाइज एवं मॉक ड्रिल का आयोजन किया जाएगा।
कलेक्टर बेमेतरा के निर्देशानुसार आयोजित इस अभ्यास का उद्देश्य बाढ़, आकाशीय बिजली एवं वज्रपात जैसी प्राकृतिक आपदाओं की स्थिति में विभिन्न विभागों के मध्य समन्वय स्थापित करना, राहत एवं बचाव कार्यों की तैयारियों का परीक्षण करना तथा आपदा की स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया (म्उमतहमदबल त्मेचवदेम) की क्षमता को और अधिक प्रभावी बनाना है। मॉक एक्सरसाइज के दौरान जिला प्रशासन, पुलिस विभाग, स्वास्थ्य विभाग, नगर सेना, होमगार्ड, एसडीआरएफ, राजस्व विभाग, जनपद एवं स्थानीय प्रशासन सहित विभिन्न विभागों की टीमें आपदा की काल्पनिक परिस्थितियों का सामना करते हुए राहत एवं बचाव कार्यों का प्रदर्शन करेंगी। इसमें प्रभावित व्यक्तियों को सुरक्षित निकालना, प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराना, आपातकालीन संचार व्यवस्था, समन्वित बचाव अभियान तथा आवश्यक संसाधनों के उपयोग का व्यावहारिक अभ्यास किया जाएगा।
इस अभ्यास के माध्यम से प्राकृतिक आपदाओं के समय अपनाई जाने वाली सावधानियों एवं सुरक्षा उपायों के प्रति आमजन में जागरूकता बढ़ाने का भी प्रयास किया जाएगा, ताकि आपदा की स्थिति में जन-धन की हानि को न्यूनतम किया जा सके। जिला प्रशासन ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार आयोजित होने वाली इस मॉक एक्सरसाइज एवं मॉक ड्रिल की वीडियोग्राफी एवं फोटोग्राफी भी कराई जाएगी, जिससे आपदा प्रबंधन की तैयारियों का दस्तावेजीकरण किया जा सके तथा भविष्य में आवश्यक सुधार एवं प्रशिक्षण के लिए इसका उपयोग किया जा सके।
जिला प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्धारित समय पर उपस्थित होकर अपनी जिम्मेदारियों का प्रभावी ढंग से निर्वहन करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही आम नागरिकों से भी अपील की गई है कि मॉक ड्रिल के दौरान सहयोग बनाए रखें तथा इसे वास्तविक आपदा न समझें। यह अभ्यास पूरी तरह प्रशिक्षण एवं आपदा प्रबंधन तैयारियों को मजबूत करने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है। यह मॉक एक्सरसाइज जिले में आपदा प्रबंधन तंत्र को और अधिक सशक्त, समन्वित एवं प्रभावी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल होगी, जिससे भविष्य में किसी भी प्राकृतिक आपदा की स्थिति में त्वरित एवं बेहतर राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित किए जा सकेंगे।