50 किलो से अधिक गांजा के साथ तस्कर दबोचा, 25 लाख का मादक पदार्थ जब्त
बोलेरो वाहन से ओडिशा से लाई जा रही थी गांजा की खेप, एक आरोपी गिरफ्तार
महासमुंद। जिले की बसना पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 50.200 किलोग्राम गांजा के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 25 लाख रुपये मूल्य का गांजा, बोलेरो वाहन तथा मोबाइल फोन जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार 14 जुलाई को मुखबिर से सूचना मिली थी कि पदमपुर (ओडिशा) की ओर से बोलेरो वाहन क्रमांक सीजी 10 एबी 6529 में गांजा लेकर बसना की ओर आ रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर वाहन को रोका। वाहन में चालक अकेला था, जिसने पूछताछ में अपना नाम धनीराम साहू (31 वर्ष), निवासी लोहरसी (सोन) बताया।
कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने वाहन के पीछे बोरियों में गांजा होना स्वीकार किया। उसने बताया कि शिवरीनारायण मेले में एक सप्ताह पूर्व उसकी मुलाकात नायक भैया नामक व्यक्ति से हुई थी, जिसके साथ मिलकर गांजा परिवहन की योजना बनाई गई थी। आरोपी ने बताया कि 14 जुलाई को वह ओडिशा के एक व्यक्ति से मिला, जिसने वाहन में गांजा लोड कराया।
तलाशी के दौरान पुलिस ने वाहन से 50.200 किलोग्राम गांजा बरामद किया, जिसकी अनुमानित कीमत 25 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने गांजा के साथ वाहन और मोबाइल भी जब्त कर आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी)(सी) के तहत अपराध दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया।
