पंडित श्यामा प्रसाद मुखर्जी के आदर्श आज भी राष्ट्र निर्माण की प्रेरणा: विधायक
जयंती पर टाउन हॉल में प्रतिमा पर माल्यार्पण, राष्ट्र की एकता-अखंडता के लिए उनके योगदान को किया याद
महासमुंद। पंडित श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती के अवसर पर सोमवार को टाउन हॉल परिसर स्थित उनकी प्रतिमा पर विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस दौरान उन्होंने पंडित मुखर्जी के राष्ट्र निर्माण, राष्ट्रीय एकता और अखंड भारत के प्रति अतुलनीय योगदान का स्मरण करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
विधायक श्री सिन्हा ने कहा कि पंडित श्यामा प्रसाद मुखर्जी केवल महान शिक्षाविद्, प्रखर राष्ट्रवादी चिंतक और दूरदर्शी राजनेता ही नहीं थे, बल्कि उन्होंने देश की एकता, अखंडता और स्वाभिमान की रक्षा के लिए अपना संपूर्ण जीवन समर्पित कर दिया। उनके विचार, आदर्श और राष्ट्रसेवा का भाव आज भी देश के करोड़ों युवाओं एवं जनप्रतिनिधियों के लिए प्रेरणास्रोत है।
उन्होंने कहा कि पंडित मुखर्जी का स्पष्ट विश्वास था कि राष्ट्र सर्वोपरि है और देश की एकता एवं अखंडता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जा सकता। राष्ट्रीय हितों की रक्षा के लिए उनका संघर्ष भारतीय लोकतंत्र के इतिहास में सदैव स्वर्ण अक्षरों में अंकित रहेगा। उनका त्याग, समर्पण और राष्ट्रभक्ति हम सभी के लिए अनुकरणीय है।
विधायक ने कहा कि वर्तमान समय में आवश्यकता है कि हम सभी पंडित श्यामा प्रसाद मुखर्जी के आदर्शों और विचारों को अपने जीवन में आत्मसात करें तथा समाज और राष्ट्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जनसेवा के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाएं। उनके बताए मार्ग पर चलकर ही सशक्त, समृद्ध, आत्मनिर्भर और विकसित भारत के निर्माण के संकल्प को साकार किया जा सकता है।
कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष येतराम साहू, कृषि एवं बीज विकास निगम के अध्यक्ष चंद्रहास चंद्राकर, पूर्व विधायक डॉ. विमल चोपड़ा, मंडल अध्यक्ष महेंद्र सिका, मंडल महामंत्री अग्रज शर्मा, नगर पालिका उपाध्यक्ष देवीचंद राठी, वरिष्ठ भाजपा नेता एम.आर. विश्वनाथन, गोविंद ठाकुर, अरविंद प्रहरे, बंशी साहू, राजेंद्र चंद्राकर, नईम खान सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
