कांपा एनीकट में मछली पकड़ने गया युवक तेज बहाव में बहा, तलाश जारी

गोपालपुर का 21 वर्षीय रामेश्वर निषाद पानी के तेज दबाव में लापता, फरवरी में हुई थी शादी; अधिक बहाव के कारण रेस्क्यू में आई बाधा
महासमुंद। जिले के तुमगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत कांपा एनीकट में सोमवार दोपहर मछली पकड़ने के दौरान एक युवक तेज पानी के बहाव में बह गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर तुमगांव पुलिस और नगर सेना की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची, लेकिन नदी में पानी का दबाव अत्यधिक होने के कारण तत्काल रेस्क्यू अभियान शुरू नहीं किया जा सका।
जानकारी के अनुसार गोपालपुर निवासी रामेश्वर निषाद (21 वर्ष), पिता दसरू निषाद सोमवार दोपहर करीब 2 बजे कांपा एनीकट में मछली पकड़ रहा था। इसी दौरान वह पानी के तेज बहाव की चपेट में आकर बह गया। दूसरी ओर खड़े तिरथ निषाद ने लकड़ी के सहारे उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन तेज धारा के कारण वह सफल नहीं हो सके।
घटना की सूचना मिलते ही तुमगांव पुलिस एवं नगर सेना की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। हालांकि नदी में पानी का बहाव और दबाव इतना अधिक था कि सुरक्षा कारणों से रेस्क्यू दल तत्काल पानी में नहीं उतर सका। युवक की तलाश के लिए आगे की कार्रवाई की जा रही है।
परिजनों के अनुसार रामेश्वर निषाद की शादी इसी वर्ष फरवरी माह में हुई थी। वह चार बहनों और तीन भाइयों के परिवार में छठे नंबर का था। घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे गांव में शोक का माहौल है।