सड़क किनारे खड़े बोर वाहन से टकराई राजधानी बस, तीन यात्री घायल
कई अन्य यात्रियों को भी आई चोटें; बस चालक पर मामला दर्ज
महासमुंद। बसना-बिलाईगढ़ मार्ग पर ग्राम भालूपतेरा के पास सड़क किनारे खड़े बोर वाहन से राजधानी बस की टक्कर हो गई। हादसे में तीन यात्री घायल हो गए, जबकि बस में सवार अन्य यात्रियों को भी चोटें आईं। पुलिस ने मामले में बस चालक के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
बसना पुलिस के अनुसार, ग्राम अमलीडीह (पिथौरा) निवासी परमानंद यादव ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि वह 10 जून को अपने पिता लक्ष्मण यादव एवं बहन चित्ररेखा यादव के इलाज के लिए बिलासपुर गए थे। इलाज के बाद लौटते समय वे बिलाईगढ़ से बसना आ रही राजधानी बस (क्रमांक सीजी 04 ई 1591) में सवार थे।
शाम करीब 7 बजे ग्राम भालूपतेरा के पास बस चालक ने सड़क किनारे खड़े बोर वाहन (क्रमांक सीजी 06 जीआर 3880) को पीछे से टक्कर मार दी। दुर्घटना में परमानंद यादव, उनके पिता लक्ष्मण यादव तथा बहन चित्ररेखा यादव घायल हो गए। बस में सवार अन्य यात्रियों को भी चोटें आईं।
घटना के बाद घायलों को एम्बुलेंस की सहायता से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बसना पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल यात्रियों को जिला अस्पताल महासमुंद रेफर किया गया, जहां उनका उपचार कराया गया।
पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर बस चालक के विरुद्ध धारा 184 एलकेएस तथा धारा 125(ए) एवं 281 भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
