दंतैल हाथी की मौजूदगी से वन विभाग अलर्ट, कई गांवों के ग्रामीणों को सावधानी की सलाह

जंगल के विभिन्न कक्षों में कर रहा विचरण, ग्रामीण क्षेत्रों में हाई अलर्ट
महासमुंद। वन विभाग ने दंतैल हाथी की सक्रियता को देखते हुए आसपास के कई गांवों के लिए अलर्ट जारी किया है। विभाग ने ग्रामीणों से सतर्क रहने तथा हाथी के निकट न जाने की अपील की है।
वन विभाग के अनुसार दंतैल हाथी चंपई माता मंदिर क्षेत्र से होते हुए वन कक्ष क्रमांक 63, 62 एवं 64 के जंगल में विचरण कर रहा है। वर्तमान में उसकी लोकेशन कक्ष क्रमांक 64, 62, 61 एवं 438 के आसपास बताई गई है।
हाथी की गतिविधियों को देखते हुए ग्राम मोहंदी, अरंड, बेलर, गौरखेड़ा, दलदली, उमरदा, मुड़मार, पतेरापाली, सिरगिड़ी, झालखम्हरिया, सोरिद, चोरभट्ठी, बनसिवनी, लोहारडीह और परसापानी के ग्रामीणों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। वहीं बोरियाझर, केशवा, खट्टी, कोना, बकमा, जीवतरा और धनसुली के ग्रामीणों को अलर्ट जारी कर सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
वन विभाग ने लोगों से रात के समय जंगल या खेतों की ओर अकेले नहीं जाने, हाथी दिखाई देने पर सुरक्षित दूरी बनाए रखने तथा तत्काल वन विभाग को सूचना देने की अपील की है।