शाला प्रवेश उत्सव में नवप्रवेशी विद्यार्थियों का हुआ आत्मीय स्वागत, निःशुल्क पुस्तकें वितरित
स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिंदी विद्यालय में पालिका अध्यक्ष ने बच्चों का तिलक लगाकर किया स्वागत, शिक्षा के महत्व पर दिया प्रेरक संदेश
महासमुंद। स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिंदी विद्यालय, महासमुंद में शनिवार को शाला प्रवेश उत्सव का उत्साहपूर्ण आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने मां सरस्वती के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय में नवप्रवेशी विद्यार्थियों का तिलक लगाकर, पुष्पमाला पहनाकर तथा मिठाई खिलाकर आत्मीय स्वागत किया गया। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष ने बच्चों को निःशुल्क पाठ्यपुस्तकों का सेट भी वितरित किया।
अपने संबोधन में निखिलकांत साहू ने कहा कि शाला प्रवेश का पहला दिन प्रत्येक विद्यार्थी के जीवन का महत्वपूर्ण पड़ाव होता है। शिक्षा ही वह माध्यम है, जो व्यक्ति के जीवन को नई दिशा और उज्ज्वल भविष्य प्रदान करती है। उन्होंने विद्यार्थियों से मन लगाकर पढ़ाई करने, शिक्षकों का सम्मान करने तथा अपने माता-पिता और नगर का नाम रोशन करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि स्वामी आत्मानंद का सपना था कि समाज का प्रत्येक बच्चा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करे। इस सपने को साकार करना आज की पीढ़ी की जिम्मेदारी है। श्री साहू ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि असफलता से घबराने के बजाय उससे सीख लेकर निरंतर आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि आज के बच्चे ही देश का भविष्य हैं और उनकी सफलता में ही महासमुंद का उज्ज्वल भविष्य निहित है।
उन्होंने शिक्षकों से भी बच्चों को गुणवत्तापूर्ण एवं संस्कारयुक्त शिक्षा प्रदान करने का आग्रह किया, ताकि वे भविष्य में जिम्मेदार और आदर्श नागरिक बन सकें।
कार्यक्रम में विद्यालय की प्राचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं, अभिभावक तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। शाला प्रवेश उत्सव के दौरान विद्यालय परिसर में उत्साह और उल्लास का वातावरण देखने को मिला।
