राज्य स्तरीय कुडो आवासीय प्रशिक्षण शिविर का समापन, 19 जिलों के 368 खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा
कलेक्टर ने खिलाड़ियों को किया सम्मानित, नशामुक्ति रैली और स्वच्छता अभियान से दिया जागरूकता का संदेश
महासमुंद। जिला प्रशासन, खेल एवं युवा कल्याण विभाग तथा कुडो संघ महासमुंद के संयुक्त तत्वावधान में 29 जून से 3 जुलाई 2026 तक आयोजित राज्य स्तरीय आवासीय कुडो प्रशिक्षण शिविर का शुक्रवार को समापन हुआ। पांच दिवसीय शिविर में प्रदेश के 19 जिलों से आए 368 खिलाड़ियों ने भाग लिया।
शिविर का शुभारंभ मुख्यमंत्री के निज सहायक तुलसी कौशिक एवं खेल अधिकारी मनोज धृतलहरे ने किया था। प्रशिक्षण के दौरान खिलाड़ियों को आत्मरक्षा, शारीरिक एवं मानसिक विकास, स्वास्थ्य और फिटनेस के साथ बालिकाओं की खेलों में भागीदारी के लिए प्रेरित किया गया। योग, जुंबा और विभिन्न खेल गतिविधियों के माध्यम से नियमित प्रशिक्षण दिया गया। साथ ही कुर्सी दौड़, कबड्डी और जलेबी दौड़ जैसी प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया।
शिविर के दौरान खिलाड़ियों ने नशामुक्ति जागरूकता रैली निकालकर लोगों को नशे से दूर रहने का संदेश दिया। रैली से पहले प्रतिभागियों ने मंगल भवन खैरा परिसर में स्वच्छता अभियान चलाकर साफ-सफाई भी की।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने खिलाड़ियों को अनुशासन, समय के सदुपयोग, मोबाइल के जिम्मेदार उपयोग और साइबर फ्रॉड से बचाव के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी पढ़ाई और खेल के माध्यम से अपने उज्ज्वल भविष्य का निर्माण करें।
इस अवसर पर कलेक्टर ने विभिन्न जिलों से आए प्रशिक्षकों को प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भागीदारी करने वाले खिलाड़ियों मीरा पंडा, संजना मुन्ना, अंजू बरिहा और हिमांशु देवांगन सहित खेल प्रतियोगिताओं, नशामुक्ति रैली एवं स्वच्छता अभियान में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को भी सम्मानित किया।
आयोजन को सफल बनाने में स्वास्थ्य, शिक्षा, महिला एवं बाल विकास, पुलिस, श्रम, राजस्व एवं नगर पालिका विभाग का सहयोग रहा। मंच संचालन उपेंद्र प्रधान ने किया तथा आभार प्रदर्शन खेल अधिकारी मनोज धृतलहरे ने किया।
