राजेन्द्र पार्क में तीन दिवसीय फोटो प्रदर्शनी का शुभारंभ

केन्द्र सरकार की 12 वर्षों की अभूतपूर्व उपलब्धियों को किया गया प्रदर्शित
दुर्ग, 18 जून 2026/ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार के गौरवमयी 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जनसंपर्क विभाग द्वारा दुर्ग के प्रतिष्ठित राजेन्द्र पार्क में तीन दिवसीय भव्य फोटो प्रदर्शनी का आयोजन किया गया है। इस गरिमामयी प्रदर्शनी का शुभारंभ पद्मश्री राधेश्याम बारले के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ। इस अवसर पर सांसद विजय बघेल, महापौर श्रीमती अल्का बाघमार, विधायक ललित चंद्राकर, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सरस्वती बंजारे, सुरेन्द्र कौशिक तथा संभागायुक्त सत्यनारायण राठौर सहित वरिष्ठ जनप्रतिनिधियों और प्रबुद्ध नागरिकों ने प्रदर्शनी का आत्मीय अवलोकन किया।
शुभारंभ के पश्चात सभी अतिथियों एवं आमजनों ने देश के विभिन्न ऐतिहासिक विकास कार्यों, जनकल्याणकारी नीतियों एवं राष्ट्रीय गौरव की उपलब्धियों पर आधारित जीवंत छायाचित्रों का अवलोकन किया। इस प्रदर्शनी में डिजिटल इंडिया, आत्मनिर्भर भारत और जल जीवन मिशन के साथ-साथ केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं जैसे प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत योजना, उज्ज्वला योजना, मुद्रालोन और स्टार्टअप इंडिया को विशेष रूप से प्रदर्शित किया गया है। साइंस एवं टेक्नोलाजी, डिजिटल अभियान, 3 करोड़ लखपति दीदी, युवा शक्ति, मुफ्त राशन, 9 करोड़ लाभार्थियों का पोषण क्रय, आस्था के धाम अंतर्गत अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण जैसी उपलब्धियों को फोटो प्रदर्शनी में डिस्पले किया गया है। महिला सशक्तिकरण, किसान समृद्धि, युवा कौशल और हर वर्ग के कल्याण की योजनाओं को सरल रूप में प्रस्तुत किया गया है। आयोजन स्थल पर आधुनिक एलईडी स्क्रीन के माध्यम से भी आम नागरिकों को केंद्र सरकार के सुशासन, बुनियादी ढांचे के विकास और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में बढ़ते कदमों की ऑडियो-विजुअल जानकारी दी जा रही है। यह प्रदर्शनी आगामी तीन दिनों तक आम नागरिकों, विद्यार्थियों और प्रबुद्धजनों के अवलोकनार्थ निःशुल्क खुली रहेगी, ताकि अधिक से अधिक लोग शासकीय योजनाओं की सही जानकारी प्राप्त कर सकें।