प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने किया जिला जेल कांकेर का निरीक्षण
उत्तर बस्तर कांकेर, 18 जून 2026/ प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष संजीव कुमार टामक ने गुरूवार को जिला जेल कांकेर का निरीक्षण कर उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बंदियों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा उन्हें उनके विधिक अधिकारों एवं उपलब्ध कानूनी सहायता संबंधी जानकारी प्रदान की।
निरीक्षण के दौरान न्यायाधीश टामक ने बंदियों के मानसिक एवं शारीरिक स्वास्थ्य के महत्व पर बल देते हुए नियमित व्यायाम, अनुशासित दिनचर्या तथा सकारात्मक जीवनशैली अपनाने की सलाह दी। उन्होंने जेल में उपलब्ध भोजन एवं पेयजल व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया और गुणवत्ता एवं स्वच्छता बनाए रखने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि जिन बंदियों के पास अधिवक्ता उपलब्ध नहीं हैं, उन्हें निःशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराई जाए, ताकि कोई भी व्यक्ति न्याय के अधिकार से वंचित न रहे। इसके अलावा जेल की व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने आधुनिक तकनीकों के उपयोग को बढ़ावा देने पर जोर दिया, जिससे बंदियों की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी निराकरण सुनिश्चित किया जा सके। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट कांकेर भास्कर मिश्र, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव श्रीमती शांति प्रभु जैन सहित जेल अधीक्षक तथा प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित थे।
