ट्रैक्टर-ट्रॉली चोरी, गांव का ही युवक निकला आरोपी
करीब दो लाख रुपये कीमत का ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त
महासमुंद। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली चोरी के एक मामले का 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी गई संपत्ति बरामद कर ली है।
पुलिस के अनुसार ग्राम भलेसर निवासी उमेश सिन्हा (39 वर्ष) ने 16 जून 2026 को सिटी कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनके पिता तुकाराम सिन्हा का आईचर ट्रैक्टर क्रमांक सीजी 06 जीएम 0256 एवं नीले रंग की दो पहिया ट्रॉली 13 जून की रात गांव स्थित बाड़ी (ब्यारा) में खड़ी थी। 14 जून की सुबह करीब 4 बजे जब वे वहां पहुंचे तो ट्रैक्टर-ट्रॉली गायब मिली। आसपास तलाश करने के बावजूद कोई सुराग नहीं मिलने पर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई।
रिपोर्ट के आधार पर थाने में धारा 303(2) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू करते हुए संदिग्धों की तलाश की। जांच के दौरान गांव के ही राहुल देव कुर्रे (25 वर्ष), निवासी सतनामी पारा, ग्राम भलेसर, को संदेह के आधार पर पूछताछ के लिए लिया गया। प्रारंभिक पूछताछ में वह पुलिस को गुमराह करने का प्रयास करता रहा, लेकिन पुलिस पूछताछ के दौरान उसने चोरी की घटना को अंजाम देना स्वीकार कर लिया।
आरोपी ने बताया कि उसने ट्रैक्टर-ट्रॉली चोरी कर ग्राम बासिन में छिपाकर रखी थी। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने चोरी गई ट्रैक्टर-ट्रॉली बरामद कर ली। बरामद संपत्ति की अनुमानित कीमत करीब दो लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस ने आरोपी राहुल देव कुर्रे को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
