पत्थर मारकर युवक को किया घायल

महासमुंद। युवक के साथ मारपीट और पत्थर फेंककर घायल करने के मामले में सिटी कोतवाली पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार वार्ड क्रमांक-1 निवासी सुशीला गोड़ ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि 15 जून की रात करीब 11 बजे उनका पुत्र अमरजीत घर की छत पर खड़ा था। उसी दौरान भरत साहू और उसके अन्य साथी उनके घर के सामने से गुजर रहे थे।
आरोप है कि अमरजीत को छत पर देखकर आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और कहा कि उसकी मां उनके खिलाफ शराब बेचने की शिकायत कर रही है। अमरजीत द्वारा जानकारी नहीं होने की बात कहने पर आरोपियों ने पत्थर फेंककर हमला कर दिया। पत्थर लगने से अमरजीत की बाईं आंख के पास चोट आई। मामले में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 115(2), 296 एवं 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।