आधी रात चाकूबाजी में युवक गंभीर घायल, चार आरोपियों पर अपराध दर्ज

पीछा करते हुए पहुंचे युवकों ने विवाद के दौरान किया हमला, घायल रायपुर रेफर
महासमुंद। शहर में सोमवार देर रात हुई चाकूबाजी की घटना में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना साहू चाय दुकान के पास मुख्य मार्ग पर हुई। पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बरोंडा चौक दुर्गा मंदिर के पीछे निवासी योगेंद्र वैष्णव ने पुलिस को बताया कि 8 जून की रात वह अपने साथी आकाश तिवारी के साथ बिरकोनी-बरबसपुर क्रेशर प्लांट से बाइक पर महासमुंद लौट रहा था। रात करीब 2 बजे दोनों आकाश तिवारी के घर इमलीभांठा जाने के लिए निकले थे। इसी दौरान दो बाइक पर सवार स्मिथ उर्फ पम्पम, पूर्वांश, विक्की तथा उनका एक अन्य साथी उनका पीछा कर रहे थे।
पीछा किए जाने के कारण उनकी बाइक साहू चाय दुकान के सामने मुख्य सड़क पर फिसलकर गिर गई। उसी समय सामने से टोमेंद्र चंद्राकर, पप्पू यादव और अभित्य सिंह बाइक से आ रहे थे। वे दोनों को गिरा हुआ देखकर रुक गए।
आरोप है कि पीछा कर रहे चारों युवक भी वहां पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर पूर्वांश ने चाकू निकालकर स्मिथ उर्फ पम्पम को दे दिया। इसके बाद स्मिथ ने जान से मारने की धमकी देते हुए टोमेंद्र चंद्राकर की पीठ पर चाकू से हमला कर दिया। घटना के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।
घायल टोमेंद्र चंद्राकर को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए रायपुर के मेकाहारा अस्पताल रेफर किया गया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 109(1), 296 और 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।

इन्हें भी पढ़े