लभराकला में विधायक की जन चौपाल, ग्रामीणों की समस्याएं सुन दिए समाधान के निर्देश

वरिष्ठ जनों और नववधुओं का किया सम्मान, खरीफ तैयारी व सरकारी योजनाओं पर भी हुई चर्चा
महासमुंद। विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने मंगलवार को ग्राम लभराकला में जन चौपाल आयोजित कर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। इस दौरान ग्रामीणों ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं, विकास कार्यों से जुड़े सुझावों और जनहित के मुद्दों को विधायक के समक्ष रखा। विधायक ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनके त्वरित निराकरण के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
जन चौपाल से पूर्व ग्रामीणों ने विधायक का आत्मीय स्वागत किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति और सहभागिता देखने को मिली। विधायक ने कहा कि जनप्रतिनिधि और जनता के बीच सीधा संवाद ही समस्याओं के समाधान और क्षेत्र के समग्र विकास का सबसे प्रभावी माध्यम है।
गांव-गांव पहुंचकर सुन रहे लोगों की समस्याएं
विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा इन दिनों विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों का लगातार दौरा कर रहे हैं। जन चौपाल के माध्यम से वे आम लोगों से भेंट-मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुन रहे हैं तथा संबंधित विभागों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों को समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दे रहे हैं।
लभराकला में आयोजित जन चौपाल के दौरान उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों को दी। साथ ही किसानों से खरीफ सीजन की तैयारियों को लेकर चर्चा कर खेती-किसानी से जुड़ी आवश्यकताओं और चुनौतियों की जानकारी भी ली।
वरिष्ठ नागरिकों और नववधुओं का सम्मान
कार्यक्रम के दौरान विधायक ने गांव के वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान कर उनके सामाजिक योगदान, जीवन अनुभव और मार्गदर्शन को नमन किया। इसके साथ ही नवविवाहित महिलाओं (नववधुओं) का सम्मान कर उनके सुखद, समृद्ध और उज्ज्वल वैवाहिक जीवन की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने कहा कि यह पहल भारतीय संस्कृति में बुजुर्गों के प्रति सम्मान और नई पीढ़ी के प्रति स्नेह एवं प्रोत्साहन की भावना को मजबूत करती है।
बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
जन चौपाल में भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के जिलाध्यक्ष पवन पटेल, भाजपा नेता धर्मेंद्र महोबिया, ग्रामीण मंडल भाजपा के महामंत्री डॉ. माखन सिन्हा, जनपद सदस्य पुष्पा रूपलाल ध्रुव, ग्राम पंचायत लभराकला की सरपंच गीता सिन्हा, परसदा (ख) की सरपंच मिथलेश सिन्हा, खट्टी की सरपंच अनीता मोती मेहरा, रमेश शर्मा, पवन साहू, रामेंद्र गिरी, युवराज सिंह राजपूत, ओमप्रकाश चंद्राकर, कुशल दीवान, रीवा राम साहू, श्रीकांत शर्मा, रोशन यादव, रोजगार सहायक सरवन सिन्हा, पंचायत सचिव डी.एस. चक्रधारी सहित वन, विद्युत एवं अन्य विभागों के अधिकारी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सोसायटी कर्मचारी, भाजपा कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

इन्हें भी पढ़े