सफाई व्यवस्था में लापरवाही पर सख्त हुए नपा अध्यक्ष

भ्रामक बयानबाजी करने वालों पर कार्रवाई की चेतावनी, नगर में गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ भी होगी कड़ी कार्यवाही
महासमुंद। नगर पालिका परिषद महासमुंद के अध्यक्ष निखिलकांत साहू ने नगर की स्वच्छता व्यवस्था की समीक्षा करते हुए सफाई कार्य में लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों के प्रति कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने स्वच्छता प्रभारी सहित सभी सुपरवाइजरों की बैठक लेकर नगर की सफाई व्यवस्था को अधिक प्रभावी और सुदृढ़ बनाने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में अध्यक्ष श्री साहू ने कहा कि सफाई कार्य में किसी भी प्रकार की उदासीनता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं प्रभारियों को निर्देशित किया कि कार्य में लापरवाही करने वाले कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
बैठक के दौरान यह मामला भी सामने आया कि स्वच्छ भारत मिशन से जुड़े कुछ सफाई कर्मियों द्वारा मीडिया में अनर्गल एवं भ्रामक बयानबाजी की गई है, जिससे नगर पालिका की छवि प्रभावित हुई है। इस पर नाराजगी व्यक्त करते हुए अध्यक्ष ने स्वच्छ भारत मिशन की समन्वयक एवं संबंधित प्रभारियों को सख्त चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि भविष्य में बिना सक्षम अनुमति के कोई भी कर्मचारी, सफाई मित्र अथवा सुपरवाइजर मीडिया में अनधिकृत या भ्रामक बयान न दे। इस प्रकार की अनुशासनहीनता किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी।
अध्यक्ष ने नगर में स्वच्छता बनाए रखने के लिए आमजन की सहभागिता पर भी जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फैलाने और गंदगी करने वाले व्यक्तियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए, ताकि शहर की स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।
उन्होंने सभी कर्मचारियों से पूर्ण निष्ठा, जिम्मेदारी और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने की अपील करते हुए कहा कि स्वच्छ और सुंदर महासमुंद के निर्माण में प्रत्येक कर्मचारी की महत्वपूर्ण भूमिका है।
बैठक में स्वच्छता प्रभारी दिलीप चन्द्राकर, स्वच्छ भारत मिशन की समन्वयक नीतू प्रधान, प्रभारी नौशाद बक्श, वाहन प्रभारी सुरेश तिवारी, सफाई विभाग के जीतू सोनी, महेश कुमार, वीर कुमार, जितेंद्र सोनी, किशोर सोनी, हेमसिंह ध्रुव, मनोज कुमार, गोपाल सोना सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित थे।

इन्हें भी पढ़े