मानसून से पहले नगर पालिका हुई सक्रिय, शहर की बड़ी नालियों की युद्धस्तर पर सफाई शुरू
अध्यक्ष के निर्देश पर रायपुर रोड की मुख्य नाली से निकाला गया भारी मात्रा में कचरा, जलभराव रोकने की तैयारियां तेज
महासमुंद। आगामी मानसून को देखते हुए शहर में जलभराव की समस्या से निपटने के लिए नगर पालिका परिषद महासमुंद ने व्यापक स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी हैं। नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू के निर्देशानुसार शहर की मुख्य एवं बड़ी नालियों की सफाई का कार्य युद्धस्तर पर प्रारंभ कर दिया गया है, ताकि बरसात के दौरान जल निकासी सुचारू बनी रहे और नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
नगर पालिका अध्यक्ष श्री साहू ने संबंधित अधिकारियों एवं विभागीय प्रभारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि शहर की सभी प्रमुख नालियों से सिल्ट, प्लास्टिक अपशिष्ट एवं अन्य कचरे को प्राथमिकता के आधार पर हटाया जाए। उन्होंने कहा कि मानसून शुरू होने से पहले सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली जाएं और सफाई कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इसी क्रम में सफाई प्रभारी दिलीप चंद्राकर के नेतृत्व में नगर पालिका के सफाई कर्मचारियों ने रायपुर रोड स्थित बड़ी नाली की विशेष सफाई अभियान चलाया। सफाई के दौरान नाली से भारी मात्रा में कचरा, प्लास्टिक एवं गाद निकाली गई। नालियों की गहराई तक जमी गंदगी को हटाने के लिए जेसीबी मशीनों की सहायता ली गई, जिससे जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाया जा सके।
नगर पालिका अध्यक्ष श्री साहू ने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि सफाई कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि सभी नालियां समय पर पूरी तरह साफ हों। उन्होंने कहा कि शहर के विभिन्न वार्डों में भी चरणबद्ध तरीके से नालियों की सफाई का अभियान जारी रहेगा।
इस अवसर पर श्री साहू ने नगरवासियों से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा कि नालियों में कचरा, प्लास्टिक, झिल्ली अथवा अन्य अपशिष्ट सामग्री न डालें। ऐसे कचरे के कारण नालियां जाम हो जाती हैं, जिससे बारिश के समय जल निकासी बाधित होती है और जलभराव की स्थिति निर्मित हो जाती है। उन्होंने नागरिकों से आग्रह किया कि घरों से निकलने वाले कचरे को नगर पालिका की कचरा संग्रहण व्यवस्था के तहत आने वाली स्वच्छता दीदियों को ही सौंपें।
नगर पालिका अध्यक्ष ने कहा कि स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित महासमुंद के निर्माण में जनसहभागिता सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने शहरवासियों से स्वच्छता अभियान में सक्रिय सहयोग देने तथा नगर को स्वच्छ और जलभराव मुक्त बनाने में अपनी भूमिका निभाने की अपील की।
