ब्रह्माकुमारी संस्थान का नि:शुल्क समर कैंप 5 जून से
कक्षा 8वीं से 12वीं तक के छात्र-छात्राओं के लिए 19 जून तक चलेगा शिविर, पंजीयन अनिवार्य
महासमुंद। ग्रीष्मावकाश के दौरान विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और नैतिक मूल्यों के संवर्धन के उद्देश्य से प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय द्वारा इस वर्ष भी नि:शुल्क समर कैंप का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर 5 जून से 19 जून तक प्रतिदिन प्रातः 7:30 बजे से 9:30 बजे तक स्थानीय सेवाकेंद्र उपकार भवन, नयापारा वार्ड, महासमुंद में आयोजित होगा।
सेवाकेंद्र संचालिका ब्रह्माकुमारी प्रीती दीदी ने जानकारी देते हुए बताया कि समर कैंप विशेष रूप से कक्षा 8वीं से 12वीं तक के छात्र-छात्राओं के लिए आयोजित किया जा रहा है। शिविर का उद्देश्य विद्यार्थियों में सकारात्मक सोच, आत्मविश्वास, अनुशासन, नैतिक मूल्यों और आध्यात्मिक जागरूकता का विकास करना है।
उन्होंने बताया कि कैंप के दौरान विद्यार्थियों के लिए वैल्यू गेम्स, जीवन-मूल्य शिक्षण, राजयोग ध्यान सत्र, सांस्कृतिक कार्यक्रम, प्रेरणादायक गतिविधियां तथा विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इन गतिविधियों के माध्यम से बच्चों को तनावमुक्त जीवन, एकाग्रता बढ़ाने और व्यक्तित्व निखारने की प्रेरणा मिलेगी।
संस्थान की ओर से यह संपूर्ण आयोजन निशुल्क रखा गया है, जिससे अधिक से अधिक विद्यार्थी इसका लाभ उठा सकें। शिविर में शामिल होने के इच्छुक विद्यार्थियों को पूर्व पंजीयन कराना अनिवार्य होगा।
पंजीयन एवं अधिक जानकारी के लिए इच्छुक विद्यार्थी एवं अभिभावक मोबाइल नंबर 7999581223 पर संपर्क कर सकते हैं।
ब्रह्माकुमारी संस्थान ने जिले के विद्यार्थियों एवं अभिभावकों से इस अवसर का लाभ उठाने तथा बच्चों को सकारात्मक एवं संस्कारवान जीवन की दिशा में प्रेरित करने के लिए अधिक से अधिक संख्या में समर कैंप में शामिल होने की अपील की है।
