नवीन शिक्षा सत्र 2026-27 की तैयारियों को लेकर जिला शिक्षा अधिकारी ने ली समीक्षा बैठक

सुकमा, 03 मई 2026/आगामी नवीन शिक्षा सत्र 2026-27 के शुभारंभ से पूर्व जिले के समस्त विद्यालयों में आवश्यक तैयारियों की समीक्षा एवं दिशा-निर्देश प्रदान करने हेतु आज स्वामी विवेकानंद सभागार, सुकमा में जिला स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला शिक्षा अधिकारी जी.आर. मण्डावी ने की।
बैठक में आगामी शिक्षा सत्र के सफल संचालन एवं विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। जिला शिक्षा अधिकारी ने निर्देशित किया कि 16 जून 2026 से प्रारंभ होने वाले नवीन शिक्षण सत्र से पूर्व सभी विद्यालयों में साफ-सफाई, रंग-रोगन एवं आवश्यक लघु मरम्मत कार्य समयबद्ध रूप से पूर्ण किए जाएं, ताकि विद्यार्थियों को स्वच्छ एवं आकर्षक शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध हो सके। उन्होंने विद्यालयों में विद्यार्थियों हेतु गणवेश, पाठ्यपुस्तक एवं साइकिल की लक्ष्य एंव उपलब्धता,। साथ ही विभिन्न पंजियों का संधारण, समय-सारणी निर्माण, शाला विकास योजना तैयार करने तथा विद्यार्थी विकास सूचकांक के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष बल दिया गया।बैठक में लेसन प्लान आधारित पाठ्य अध्यापन को नियमित रूप से संचालित करने तथा उच्च कार्यालय द्वारा निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी प्रवेश प्रक्रियाओं को पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। कक्षा 6वीं एवं 9वीं में प्रवेश हेतु केचमेंट क्षेत्र निर्धारण, कक्षा 1वीं में नवीन प्रवेश के लिए निकटतम आंगनबाड़ी केंद्रों से बच्चों की सूची प्राप्त करने तथा कक्षा 1वीं, 6वीं, 9वीं एवं 11वीं में शत-प्रतिशत प्रवेश सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
बैठक में इसके अतिरिक्त जिले में ड्रॉप-आउट एवं अप्रवेशी बच्चों की पहचान कर उनका शत-प्रतिशत पंजीयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए पॉक्सो एक्ट, स्वास्थ्य, महामारी जागरूकता एवं स्वच्छता संबंधी गतिविधियों के प्रभावी संचालन पर चर्चा की गई। विद्यालयों में बैगलेस डे (गतिविधि दिवस) आयोजित करने तथा विद्यार्थियों के समग्र विकास के लिए नवाचार आधारित गतिविधियों को प्रोत्साहित करने पर भी बल दिया गया।
बैठक में जिला साक्षरता कार्यक्रम के सफल आयोजन, यू-डाइस अपडेटेशन को निर्धारित समय में पूर्ण करने, राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020, बालवाडी, निपुण भारत मिशन तथा एफएलएन के अंतर्गत संचालित गतिविधियों की समीक्षा की गई। विशेष रूप से ष्सीखेगा बचपनष् एंडलाइन असेसमेंट के परिणामों पर चर्चा करते हुए नवीन सत्र में आधारभूत साक्षरता एवं संख्यात्मक ज्ञान को मजबूत बनाने हेतु विशेष रणनीति अपनाने के निर्देश दिए गए।
जिला शिक्षा अधिकारी मण्डावी ने कहा कि नवीन शिक्षा सत्र को गुणवत्ता, नवाचार और समावेशी शिक्षा के साथ प्रारंभ करना विभाग की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी अधिकारी एवं शिक्षकों को समन्वित प्रयास करते हुए निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति सुनिश्चित करनी होगी।
बैठक में सहायक परियोजना अधिकारी नारायण वर्मा, समस्त एपीसी, विकासखंड शिक्षा अधिकारी, संकुल समन्वयक, विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों ने नवीन शिक्षा सत्र की तैयारियों को समयबद्ध रूप से पूर्ण करने तथा शासन की विभिन्न शैक्षणिक योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु प्रतिबद्धता व्यक्त की।

इन्हें भी पढ़े