जामगांव (र) स्थित स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय परिसर में जनसमस्या निवारण शिविर संपन्न
दुर्ग, 03 जून 2026 / जामगांव (र) स्थित स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय परिसर में सुशासन शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर में ग्रामीणों एवं हितग्राहियों की समस्याओं के निराकरण एवं विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ प्रदान करने हेतु सभी विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए। शिविर में हजारों की संख्या में ग्रामीण जनों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति लोगों में उत्साह देखने को मिला। शिविर में कुल 2,373 आवेदन प्राप्त हुए। इस अवसर पर दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल जी का भी आगमन हुआ। उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी ली तथा हितग्राहियों को संबोधित करते हुए सामग्रियों का वितरण किया गया। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों को आवास की चाबियों का वितरण किया गया। स्वच्छ भारत मिशन (एसबीएम) के अंतर्गत उत्कृष्ट कार्य करने वाली स्वच्छताग्राही दीदियों को सम्मान पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। मनरेगा के तहत ग्रामीणों को जॉब कार्ड वितरित किए गए तथा 100 दिवस का रोजगार पूर्ण कर चुके श्रमिकों को श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया।
इसी प्रकार महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा गर्भवती महिलाओं को पोषण किट वितरित की गई। महिला स्व-सहायता समूहों को महिला कोष से ऋण वितरण किया गया तथा लखपति दीदियों का सम्मान किया गया। शिक्षा विभाग द्वारा प्रतिभाशाली एवं होनहार विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। समाज कल्याण विभाग द्वारा दिव्यांगजनों को ट्राइसाइकिल वितरित की गई तथा परिवहन विभाग द्वारा लर्निंग लाइसेंस का वितरण किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी प्रदान की गई तथा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से लाभान्वित किया गया। बड़ी संख्या में उपस्थित ग्रामीणजनों ने शिविर का लाभ उठाते हुए अपनी समस्याओं एवं मांगों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए। सुशासन शिविर का उद्देश्य शासन की योजनाओं एवं सेवाओं को आमजन तक सरल, सुगम एवं प्रभावी रूप से पहुंचाना है। शिविर के सफल आयोजन से ग्रामीणों में संतोष एवं उत्साह का वातावरण देखने को मिला।
