संवेदनशील प्रशासन की मानवीय पहल
सुशासन शिविर के दौरान वृद्धजनों को वितरित की गई वॉकिंग स्टिक
नशामुक्त समाज निर्माण का लिया संकल्प
रायपुर, 24 मई 2026/मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देशन में आयोजित ‘सुशासन तिहार 2026’ के तहत प्रदेशभर में प्रशासनिक संवेदनशीलता और जनकल्याणकारी पहल की सकारात्मक तस्वीर सामने आ रही है। इसी क्रम में रायगढ़ जिले के जनपद पंचायत क्षेत्र काशीचुआ में आयोजित समाधान शिविर में समाज कल्याण विभाग द्वारा वृद्धजनों को सहायक उपकरण के रूप में सेटेबल वॉकिंग स्टिक वितरित की गई।
शिविर में स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों की उपस्थिति में वृद्धजनों को सहायक उपकरण प्रदान कर लाभान्वित किया गया। लाभान्वित हितग्राहियों में उच्चभिट्ठी निवासी भोजराम नायक, देवरी निवासी मनबोध दास महंत, डूमरपाली निवासी श्रीमती श्याम बाई वैष्णव तथा काशीचुआ निवासी श्रीमती हीरामती शामिल रहीं।
वृद्धजनों ने सहायक उपकरण प्राप्त कर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए शासन की इस पहल को उपयोगी एवं राहत प्रदान करने वाला बताया। शिविर में मौजूद अधिकारियों ने कहा कि सुशासन तिहार का उद्देश्य केवल समस्याओं का समाधान करना ही नहीं, बल्कि जरूरतमंद लोगों तक संवेदनशीलता के साथ शासन की सुविधाएं पहुंचाना भी है।
शिविर के दौरान सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा संचालित “नशा मुक्त भारत अभियान” के अंतर्गत सामूहिक नशा मुक्ति शपथ कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया। जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने उपस्थित ग्रामीणों, कर्मचारियों एवं युवाओं को नशे से दूर रहने तथा स्वस्थ एवं जागरूक समाज निर्माण का संकल्प दिलाया।
