सुशासन तिहार बना जनता और प्रशासन के बीच भरोसे का सेतु

मुड़गांव जनसमस्या निवारण शिविर में पहुंचे पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल, ग्रामीणों से सीधा संवाद कर सुनीं समस्याएं
14 ग्राम पंचायतों के हजारों ग्रामीण हुए शामिल, पूर्व प्राप्त 840 आवेदनों का शत-प्रतिशत निराकरण
रायपुर, 21 मई 2026/प्रदेशभर में आयोजित सुशासन तिहार अब आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान का प्रभावी माध्यम बनता जा रहा है। इसी क्रम में सरगुजा जिले के उदयपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत मुड़गांव क्लस्टर में विशाल जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें 14 ग्राम पंचायतों के ग्रामीण बड़ी संख्या में शामिल हुए।
शिविर में पूर्व में प्राप्त 840 आवेदनों का शत-प्रतिशत निराकरण किया गया, जबकि शिविर के दौरान प्राप्त 1293 नवीन आवेदनों में मांग से संबंधित 1211 तथा शिकायत से संबंधित 82 आवेदन शामिल रहे। सभी आवेदनों को संबंधित विभागों को तय समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण के लिए प्रेषित किया गया।
जनसमस्या निवारण शिविर में पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल विशेष रूप से शामिल हुए। उन्होंने ग्रामीणों के बीच पहुंचकर सीधे संवाद किया और उनकी समस्याएं, मांगें तथा सुझाव गंभीरता से सुने। मंत्री श्री अग्रवाल ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी आवेदनों का त्वरित एवं संतोषजनक निराकरण सुनिश्चित करते हुए इसकी जानकारी आवेदकों तक अनिवार्य रूप से पहुंचाई जाए।
ग्रामीणों को संबोधित करते हुए मंत्री श्री अग्रवाल ने कहा कि सुशासन तिहार मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की दूरदर्शी और जनहितैषी पहल है। इस अभियान के माध्यम से शासन स्वयं गांव-गांव पहुंचकर लोगों की समस्याओं का समाधान कर रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री स्वयं अभियान की लगातार मॉनिटरिंग कर रहे हैं और विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा भी कर रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान केवल औपचारिकता न रहे, बल्कि प्रत्येक आवेदन का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि लोगों का शासन-प्रशासन पर विश्वास और मजबूत हो।
कलेक्टर अजीत वसंत ने भी शिविर में उपस्थित ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा संबंधित विभागीय अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सुशासन तिहार आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान का प्रभावी मंच बन चुका है और प्रशासन यह सुनिश्चित करेगा कि सभी आवेदनों का समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण हो।
कलेक्टर ने विशेष रूप से राजस्व प्रकरणों सहित अन्य विभागीय मामलों के शीघ्र निराकरण पर जोर देते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक आवेदक को उसके आवेदन की स्थिति और निराकरण की जानकारी उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा प्रत्येक मंगलवार को आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम में भी नागरिक अपनी समस्याएं सीधे प्रशासन के समक्ष रख सकते हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश अग्रवाल ने शिविर में उपस्थित ग्रामीणों को सड़क सुरक्षा और साइबर अपराधों के प्रति जागरूक किया। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्तियों को अस्पताल पहुंचाने वाले नागरिकों को राज्य शासन की राहवीर योजना के तहत सम्मानित किया जाता है तथा ऐसे मामलों में पुलिस द्वारा किसी प्रकार की अनावश्यक पूछताछ नहीं की जाएगी। उन्होंने लोगों से साइबर ठगी से सतर्क रहने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की।
शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा आकर्षक स्टॉल लगाए गए थे, जहां ग्रामीणों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई तथा मौके पर आवेदन भी प्राप्त किए गए। विभागीय अधिकारियों ने ग्रामीणों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया और पात्र हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित किया गया।
हितग्राहियों को वितरित किए गए प्रमाण पत्र एवं सामग्री
शिविर में समाज कल्याण विभाग द्वारा परिवार सहायता योजना एवं मुख्यमंत्री पेंशन योजना के हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया। खाद्य विभाग द्वारा राशन कार्ड वितरित किए गए, वहीं प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों को पूर्णता प्रमाण पत्र एवं आवास की चाबियां सौंपी गईं। पशुधन विकास विभाग द्वारा हितग्राहियों को लाभ प्रदान किया गया। राजस्व विभाग द्वारा जाति प्रमाण पत्र वितरित किए गए। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा गोद भराई एवं अन्नप्राशन कार्यक्रम आयोजित किया गया। स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयुष्मान कार्ड तथा कृषि विभाग द्वारा किसानों को केसीसी कार्ड एवं पंप वितरण किया गया।
शिविर में जिला पंचायत सदस्य श्रीमती रहमुनिया करिया, जनपद अध्यक्ष ओम प्रकाश सिंह, जिला पंचायत सीईओ विनय कुमार अग्रवाल, डीएफओ अभिषेक जोगावत तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी भी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।