विकसित खेती की नई उड़ान : बीजापुर में “विकसित कृषि संकल्प अभियान” का सफल समापन

किसानों को आधुनिक खेती और शासकीय योजनाओं की दी गई जानकारी
रायपुर, 21 मई 2026/छत्तीसगढ़ शासन द्वारा 5 मई से 20 मई 2026 तक संचालित “विकसित कृषि संकल्प अभियान” का बीजापुर जिले में सफल समापन हुआ। अभियान के तहत जिले के विभिन्न विकासखंडों में वैज्ञानिकों और कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को आधुनिक और उन्नत खेती की तकनीकों की जानकारी दी।
यह अभियान इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के विस्तार सेवाएं निदेशालय के निर्देशानुसार कृषि विज्ञान केंद्र बीजापुर के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख अरुण सकनी के मार्गदर्शन में संचालित किया गया।
अभियान के सुचारू संचालन के लिए जिले के सभी विकासखंडों में अलग-अलग वैज्ञानिक दल बनाए गए थे। इन दलों ने प्रतिदिन चयनित गांवों में पहुंचकर किसानों को केंद्र और राज्य सरकार की कृषि योजनाओं तथा खरीफ फसलों की तैयारी से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी दी।
उसूर विकासखंड में डॉ शमशेर आलम, भैरमगढ़ में डॉ मिथलेश कुमार एवं डॉ राजकमल पटेल, भोपालपटनम में डॉ भूपेंद्र कुमार एवं डॉ दिनेश मारापी तथा बीजापुर विकासखंड में डॉ सुनीता पटेल और अरविन्द आयाम ने किसानों को प्रशिक्षण दिया।
अभियान के दौरान किसानों को बीज उपचार, मृदा परीक्षण, जैविक एवं प्राकृतिक खेती, जैविक उर्वरकों के उपयोग, ग्रीष्मकालीन जुताई, रोग एवं कीट प्रबंधन, पौध संरक्षण तथा बागवानी फसलों की उन्नत खेती के बारे में जानकारी दी गई।
इसके अलावा आधुनिक कृषि यंत्रों, ड्रोन तकनीक, संतुलित उर्वरक प्रबंधन, मशरूम उत्पादन और मधुमक्खी पालन जैसे विषयों पर भी किसानों को प्रशिक्षित किया गया।
कार्यक्रम में कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन और मत्स्य विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों के साथ स्थानीय जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में किसानों ने भाग लिया।
अभियान के सफल आयोजन से जिले के किसानों में आधुनिक और वैज्ञानिक खेती के प्रति जागरूकता बढ़ी है। साथ ही आगामी खरीफ सीजन के लिए किसानों में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार हुआ है।