उपचार में अनियमितता पाए जाने पर छुरा के संकल्प छ.ग. मिशन अस्पताल का लाइसेंस किया गया निलंबित

जांच टीम के निरीक्षण एवं नोटिस के असंतोषजनक उत्तर के आधार पर की गई कार्रवाई
गरियाबंद, 21 मई 2026/छुरा विकासखण्ड के ग्राम पंचायत टेंगनाबासा निवासी 28 वर्षीय होमेश कुमार सिन्हा का रोड एक्सीटेंड होने का पता चलते ही प्राथमिक उपचार के लिए उनके परिवार जनों द्वारा निजी अस्पताल श्री संकल्प छ.ग. मिशन अस्पताल छुरा में उपचार के लिए भर्ती कराया गया। जिस संबंध में कलेक्टर बीएस उइके के निर्देशन में जांच दल का गठन किया गया।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. यू.एस. नवरत्न के मार्गदर्शन में 26 दिसंबर 2025 को जांच दल का गठन करने के बाद जांच दल द्वारा समीक्षा एवं जांच उपरांत यह पाया गया कि श्री संकल्प छ.ग. मिशन अस्पताल छुरा में मरीज के उपचार में गंभीर अनियमितता पाई गई। श्री संकल्प छ.ग. मिशन अस्पताल छुरा में पाई गई अनियमितता के बाद नोटिस जारी किया गया। जिसका जवाब संतोषप्रद नहीं पाया गया। स्वास्थ्य विभाग द्वारा होमेश कुमार सिन्हा के इलाज के दौरान पाई गई गंभीर अनियमितता को देखते हुए, जांच टीम के अनुसार तथा श्री संकल्प छ.ग. मिशन अस्पताल छुरा से प्राप्त नोटिस के आधार पर, साथ ही बिना पंजीयन सीटी स्केन मशीन का संचालन और बिना विधिवत अनुमति के सामान्य व सिजेरियन डिलीवरी किये जाने के कारण नर्सिंग होम एक्ट के तहत कार्यवाही की गई है। श्री संकल्प छ.ग. मिशन अस्पताल छुरा को जारी अनुज्ञा (लाइसेंस) पत्र को तत्काल प्रभाव से 30 दिवस के लिए निलंबित किया गया है।