तरेकेला मोड़ पर दर्दनाक सड़क हादसा

तेज रफ्तार बाइक पेड़ से टकराई, युवक की मौके पर मौत, साथी गंभीर घायल
महासमुंद। भंवरपुर चौकी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम तरेकेला मोड़ के पास हुए भीषण सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक पर सवार उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम कर्राभौना निवासी पियर सिदार (40) ने बताया कि उसका भतीजा निर्मल सिदार 18 मई 2026 की सुबह करीब 10:30 बजे अपने साथियों के साथ स्प्लेंडर प्रो बाइक क्रमांक सीजी 06 जी 3267 से किसी कार्य से पिरदा गया था। कार्य पूरा करने के बाद सभी लोग वापस गांव लौट रहे थे।बताया जा रहा है कि शाम लगभग 4 बजे जैसे ही बाइक ग्राम तरेकेला मोड़ के पास पहुंची, चालक निर्मल सिदार तेज रफ्तार और लापरवाहीपूर्वक वाहन चला रहा था। इसी दौरान बाइक अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित एक पेड़ से जा टकराई।
टक्कर इतनी जोरदार कि बाइक के उड़े परखच्चे
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में चालक निर्मल सिदार सड़क पर दूर जा गिरा और उसके सिर सहित शरीर के कई हिस्सों में गंभीर अंदरूनी चोटें आईं। अत्यधिक रक्तस्राव और गंभीर चोटों के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
वहीं बाइक में पीछे बैठा उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद आसपास के ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे और घायल को उपचार के लिए भंवरपुर स्थित श्याम अस्पताल एवं कल्पना अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है। सूचना मिलते ही भंवरपुर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने मृत बाइक चालक निर्मल सिदार के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 281, 125(ए) एवं 106(1) के तहत अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।