नया रावणभांठा में विवाद के बाद युवक पर हमला
चाकू मारने और मारपीट करने का आरोप, तीन आरोपियों पर केस दर्ज
महासमुंद। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के नया रावणभांठा में आपसी विवाद के बाद एक युवक पर हमला करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रार्थी जलधर सोनवानी ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि 17 मई की दोपहर करीब 2 बजे उसकी पत्नी अनिता सोनवानी, बहन सुलोचना बघेल, छोटी बहन कुमारी हरपाल, भाभी परमिला सोनवानी सहित परिवार की अन्य महिलाओं का माया देवार, बिलई देवार और अन्य महिलाओं के साथ विवाद हो रहा था। उस समय उसने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया।
शिकायत के अनुसार उसी दिन रात करीब 8 बजे जब वह घर लौट रहा था, तब करिया देवार, रज्जन देवार और रिपु देवार ने एक राय होकर उसे रोक लिया। आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। इस दौरान करिया देवार ने चाकू से हमला किया, जबकि रज्जन देवार और रिपु देवार ने मारपीट की। सिटी कोतवाली पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 115(2), 118(1), 296, 3(5) एवं 351(3) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
