महासमुंद को मिली 19 नई अत्याधुनिक आपातकालीन सेवा वाहनें
डॉयल-112 फेज-2 के तहत 15 ईआरव्ही और 4 हाईवे पेट्रोलिंग वाहन थानों के लिए रवाना
अब और तेज होगी पुलिस-एम्बुलेंस-फायर सेवा
महासमुंद। छत्तीसगढ़ शासन द्वारा आम जनता को त्वरित और प्रभावी आपातकालीन सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से महासमुंद जिले को डॉयल-112 फेज-2, जेन-नेक्स्ट परियोजना के तहत 15 नए अत्याधुनिक ईआरव्ही (इमरजेंसी रिस्पांस व्हीकल) और 4 नए हाईवे पेट्रोलिंग वाहन प्राप्त हुए हैं। बुधवार को जिला मुख्यालय स्थित पुलिस लाइन परेड ग्राउंड, परसदा में आयोजित विशेष कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने हरी झंडी दिखाकर इन वाहनों को विभिन्न थानों के लिए रवाना किया।
आधुनिक तकनीक से लैस हैं नए वाहन
नए डॉयल-112 वाहन अत्याधुनिक कैमरा, जीपीएस ट्रैकिंग और रियल-टाइम मॉनिटरिंग सिस्टम से लैस हैं। इन वाहनों के माध्यम से पुलिस विभाग अब घटनास्थल तक पहले से कहीं अधिक तेजी से पहुंच सकेगा। इससे जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में रिस्पांस टाइम में उल्लेखनीय कमी आने की उम्मीद है।
पुलिस, एम्बुलेंस और फायर सेवा मिलेगी एक साथ
इन वाहनों की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि ये 3-इन-1 त्वरित सेवा प्रणाली के तहत कार्य करेंगे। किसी भी दुर्घटना, अपराध, स्वास्थ्य आपातकाल या अग्निकांड जैसी स्थिति में आम नागरिकों को पुलिस, एम्बुलेंस और फायर सेवा बेहद कम समय में उपलब्ध कराई जाएगी।
हाईवे पर बढ़ेगी सुरक्षा व्यवस्था
जिले को मिले 4 नए हाईवे पेट्रोलिंग वाहन राष्ट्रीय राजमार्गों पर तैनात किए जाएंगे। इनके जरिए सड़क हादसों की रोकथाम, यातायात निगरानी और आपातकालीन सहायता पहुंचाने में तेजी आएगी। इससे हाईवे पर यात्रा करने वाले लोगों को अधिक सुरक्षित वातावरण मिल सकेगा।
जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की रही मौजूदगी
कार्यक्रम में महासमुंद विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मोगरा पटेल, नगर पालिका परिषद महासमुंद के अध्यक्ष निखिलकांत साहू, कलेक्टर विनय लंगेह, पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार, नगर पालिका उपाध्यक्ष देवीचंद राठी, भाजपा जिला कोषाध्यक्ष राहुल चंद्राकर, ग्राम परसदा के सरपंच पीताम्बर ध्रुव तथा समाजसेवी टिकेंद्र चंद्राकर सहित कई जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
इसके अलावा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रतिभा पांडेय, एसडीओपी बागबाहरा अजय शंकर त्रिपाठी, डीएसपी चुन्नू तिग्गा, रक्षित निरीक्षक दीप्ति कश्यप, डिस्ट्रीक्ट कोऑर्डिनेशन सेंटर-112 के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन कार्यक्रम में मौजूद रहे।
महासमुंद पुलिस की अपील
महासमुंद पुलिस ने आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा है कि किसी भी आकस्मिक संकट, दुर्घटना या आपातकालीन स्थिति में घबराएं नहीं और तुरंत डायल-112 पर कॉल करें। पुलिस की टीम कम समय में मौके पर पहुंचकर सहायता उपलब्ध कराएगी। पुलिस ने लोगों से सतर्क रहने, सुरक्षित रहने और कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की भी अपील की है।
