तेंदूपत्ता तोड़ने गए ग्रामीणों पर बायसन का हमला, एक की मौत

बलौदाबाजार जिले के रवान रेंज की घटना, दो ग्रामीण घायल, महासमुंद के अस्पताल में उपचार जारी
महासमुंद। जिले की सीमा से लगे बलौदाबाजार वन मंडल के रवान रेंज क्षेत्र में तेंदूपत्ता तोड़ने गए ग्रामीणों पर जंगली बायसन ने हमला कर दिया। इस दर्दनाक घटना में एक ग्रामीण की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हैं। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार तेंदूपत्ता संग्रहण के लिए ग्रामीण जंगल गए हुए थे। इसी दौरान अचानक जंगली बायसन ने उन पर हमला कर दिया। हमले में पंचबाई ठाकुर, देवेंद्र साहू और गायत्री यादव घायल हो गए। बायसन के हमले में देवेंद्र साहू (51 वर्ष) को पेट में गंभीर चोट आई थी।
घटना के बाद ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को तत्काल उपचार के लिए महासमुंद लाया गया। गंभीर रूप से घायल देवेंद्र साहू को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। वहीं पंचबाई ठाकुर और गायत्री यादव का उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार दोनों की स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। वन विभाग द्वारा ग्रामीणों को जंगल क्षेत्रों में सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है। बताया जा रहा है कि इन दिनों जंगलों में वन्यजीवों की गतिविधियां बढ़ गई हैं, जिससे इस तरह की घटनाओं का खतरा भी बढ़ गया है।
ग्रामीणों ने वन विभाग से प्रभावित परिवार को आर्थिक सहायता और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग की है।