हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में चोरों का तांडव

दो सूने मकानों के ताले तोड़ लाखों की चोरी, सीसीटीवी में कैद हुए चार संदिग्ध
महासमुंद। जिले में इन दिनों चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। ताजा मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित दीनदयाल कॉलोनी (हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी) का है, जहां सोमवार देर रात अज्ञात चोरों ने दो सूने मकानों को निशाना बनाते हुए लाखों रुपए के सामान पर हाथ साफ कर दिया। घटना के बाद कॉलोनी में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, एलआईजी-41 निवासी व्याख्याता सुखेंद्र द्विवेदी पिछले करीब 17 दिनों से घर से बाहर थे। इसी दौरान चोरों ने सूने मकान की रेकी कर वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने सबसे पहले मुख्य गेट की कुंडी काटकर घर में प्रवेश किया और अंदर रखी आलमारी व ट्रंक के ताले तोड़ दिए।
चोर घर से चांदी की लक्ष्मी-गणेश प्रतिमा, चांदी का लोटा, तीन चांदी की कटोरियां, 12 चांदी के सिक्के, पांच जोड़ी पायल, चांदी का शिवलिंग व बेलपत्र, दो सोने की अंगूठियां तथा सीसीटीवी डीवीआर चोरी कर ले गए। चोरी गए सामान की अनुमानित कीमत करीब 98 हजार रुपए बताई जा रही है।
इसी कॉलोनी में रहने वाली आशा रावत के मकान को भी चोरों ने निशाना बनाया। यहां से चोर 12 हजार रुपए नकद और सोने का एक कान का टॉप्स लेकर फरार हो गए। बताया जा रहा है कि यह मकान भी घटना के समय सूना था।
सीसीटीवी में कैद हुए संदिग्ध
कॉलोनी में लगे कई सीसीटीवी कैमरों में चार संदिग्ध युवक नजर आए हैं। फुटेज में आरोपी सिर पर गमछा बांधे हुए दिखाई दे रहे हैं। वे कॉलोनी में घूमते हुए घरों के बाहर टॉर्च जलाकर झांकते और रेकी करते नजर आ रहे हैं। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान में जुटी हुई है।
एसपी ने किया मौके का निरीक्षण
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक स्वयं मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पुलिस ने डॉग स्क्वॉड की मदद से आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया। व्याख्याता सुखेंद्र द्विवेदी की रिपोर्ट पर पुलिस ने धारा 305(ए) और 331(4) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं दूसरे पीड़ित पक्ष की ओर से अभी तक औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।