पिता की हत्या कर फरार हुआ बेटा गिरफ्तार, पुलिस ने चंद घंटों में सुलझाई गुत्थी

रिसेकेला गांव में पारिवारिक विवाद बना हत्या की वजह, ईंट से हमला कर आरोपी हुआ था फरार
महासमुंद। सरायपाली पुलिस ने हत्या के एक सनसनीखेज मामले का खुलासा करते हुए आरोपी पुत्र को घटना के कुछ घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने पारिवारिक विवाद के दौरान अपने ही पिता पर ईंट से हमला कर मौत के घाट उतार दिया था।पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 18 मई 2026 को हरजीत चौहान ने ग्राम रिसेकेला निवासी जयलाल सागर उर्फ जयलाल चौहान (48 वर्ष) की संदिग्ध मौत की सूचना पुलिस को दी गई थी। सूचना पर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। शव परीक्षण और निरीक्षण के दौरान मृतक के सिर पर गंभीर चोट के निशान पाए गए, जिससे मामला हत्या का प्रतीत हुआ।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि 17 मई 2026 की रात मृतक जयलाल चौहान और उसके पुत्र अजय सागर उर्फ अजय चौहान के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी पुत्र ने अपने पिता के साथ मारपीट की और घर की बाड़ी में पड़ी ईंट उठाकर उनके सिर पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से जयलाल चौहान लहूलुहान होकर जमीन पर ही गिर पड़े और अचेत हो गए। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। परिजन घायल अवस्था में जयलाल चौहान को शासकीय अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मर्ग जांच और साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने पाया कि जयलाल चौहान की मृत्यु सिर पर ईंट से किए गए हमले के कारण हुई है। इसके बाद पुलिस ने आरोपी पुत्र अजय चौहान के खिलाफ बीएनएस की धारा 103(1) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की।
फरार आरोपी की लगातार तलाश की जा रही थी। इसी दौरान 18 मई 2026 की रात करीब 8 बजे मुखबिर से सूचना मिलने पर पुलिस ने ग्राम बोदापाली में घेराबंदी कर आरोपी अजय चौहान को गिरफतार किया गया।