छात्रवृत्ति योजनाओं हेतु ऑनलाइन आवेदन शुरू

उत्तर बस्तर कांकेर 18 मई 2026/ जिला सैनिक कल्याण कार्यालय कांकेर द्वारा जिले के समस्त भूतपूर्व सैनिकों, विधवाओं एवं उनके आश्रितों को सूचित किया गया है कि केन्द्रीय सैनिक बोर्ड नई दिल्ली द्वारा आर.एम.डी.एफ. (रक्षामंत्री विवेकाधीन निधि) एवं प्रधानमंत्री छात्रवृत्ति योजना का लाभ लेने हेतु ऑनलाइन आवेदन की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इच्छुक हितग्राही www.ksb.gov.in के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।
जिला सैनिक कल्याण अधिकारी ने जानकारी दी है कि आर.एम.डी.एफ छात्रवृत्ति योजना के अंतर्गत भूतपूर्व सैनिकों एवं विधवाओं के वे बच्चे, जिन्होंने वर्ष 2025-26 में कक्षा पहली से 12वीं अथवा स्नातक परीक्षा उत्तीर्ण की है, वे छात्रवृत्ति हेतु आवेदन कर सकते हैं। प्रधानमंत्री छात्रवृत्ति योजना हेतु तकनीकी एवं व्यवसायिक पाठ्यक्रमों में प्रथम वर्ष में प्रवेश लेने वाले भूतपूर्व सैनिकों एवं विधवाओं के बच्चों को लाभ दिया जाएगा। योजना हेतु पात्रता के लिए छात्र का 12वीं कक्षा में न्यूनतम 60 प्रतिशत अंकों के साथ उत्तीर्ण होना आवश्यक है। आवेदन की अंतिम तिथि 30 नवम्बर 2026 निर्धारित की गई है। व्यवसायिक पाठ्यक्रमों की सूची वेबसाइट पर उपलब्ध है। ऑनलाइन आवेदन के पश्चात आवेदकों को मूल दस्तावेजों के साथ प्रमाणीकरण हेतु जिला सैनिक कल्याण कार्यालय में उपस्थित होना होगा।
जिला सैनिक कल्याण कार्यालय द्वारा कांकेर जिले में निवासरत मिलिट्री नर्सिंग सर्विस से सेवानिवृत्त अधिकारियों से भी कार्यालय में उपस्थित होकर पंजीयन एवं पहचान पत्र बनवाने की अपील की गई है। इसके अतिरिक्त सेवारत सैनिकों से भी जिला सैनिक कल्याण कार्यालय में अपना नाम दर्ज कराने का आग्रह किया गया है, ताकि वे राज्य शासन द्वारा प्रदत्त सुविधाओं का लाभ प्राप्त कर सकें। अधिक जानकारी के लिए जिला सैनिक कल्याण कार्यालय कांकेर के दूरभाष नंबर 07868-299299 पर संपर्क किया जा सकता है।

इन्हें भी पढ़े