जनजातीय गरिमा उत्सव : 25 मई तक चलाया जाएगा जन भागीदारी अभियान

उत्तर बस्तर कांकेर 18 मई 2026/ आदि कर्मयोगी अभियान अंतर्गत जनजातीय गरिमा उत्सव जनभागीदारी अभियान का आयोजन 18 मई सोमवार से प्रारंभ हो चुकी है, जो 25 मई तक चलेगा। जिले के पीएम जनमन एवं धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के तहत सातों विकासखंडों के चिन्हांकित 552 ग्रामों में किया जाना है।
आदिवासी विकास विभाग के सहायक आयुक्त ने बताया कि प्राथमिकता के आधार पर आईईसी कैम्पेन ‘‘जन भागीदारी- सबसे दूर, सबसे पहले‘‘ थीम पर जमीनी संपर्क, स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता, सेवा संतृप्ति जैसे- आधार कार्ड, आयुष्मान कार्ड, राशन कार्ड, जनधन खाता, मातृ वंदन योजना, जाति प्रमाण पत्र, किसान क्रेडिट कार्ड, उज्जवला योजना इत्यादि कर्मयोगी अभियान अंतर्गत निर्मित आदि सेवा केन्द्रों में जन सुनवाई कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। जन भागीदारी अभियान अंतर्गत सुनवाई में प्राप्त शिकायतों को सूचीबद्ध कर उनका समाधान करने तथा की गई समस्त गतिविधियों का प्रगति प्रतिवेदन तैयार कर प्रसारण पोर्टल पर अपलोड किया जाएगा। इसके अलावा समस्त ग्रामों में निवासरत् पीवीटीजी हितग्राहियों एवं जनजातीय हितग्राहियों को शासन की महत्वपूर्ण फ्लैगशिप योजनाओं में शत-प्रतिशत संतृप्ति सुनिश्चित करने हेतु ग्राम एवं क्लस्टर स्तर पर शिविरों का आयोजन किया जाएगा। अभियान के दौरान फील्ड विजिट, निरीक्षण, योजनाओं की जानकारी, लाभार्थी संवाद, वृक्षारोपण, स्वास्थ्य शिविर का आयोजन, तथा मोबाईल मेडिकल यूनिट के माध्यम से ग्रामों में स्वास्थ्य जांच, सिकल सेल जांच, टी.बी. स्क्रीनिंग आदि गतिविधियां भी आयोजित की जाएगी।
अभियान अंतर्गत स्थानीय जनप्रतिनिधियों पारंपरिक मुखियाओं, स्वयंसेवी संगठनों जैसे स्व-सहायता समूह, एन.एस.एस. एवं अन्य स्थानीय संस्थाओं की अभियान अंतर्गत ग्राम में ट्रांजेक्ट वॉक तथा आदि सेवा केन्द्रों में जनसुनवाई इत्यादि में सक्रिय जनसहभागिता की जानी है। अभियान के तहत आयोजित गतिविधियों, स्वास्थ्य शिविरों, संतृप्ति शिविरों में अधिकतम जनसहभागिता एवं योजनाओं का संतृप्तिकरण सुनिश्चित किया जाएगा।

इन्हें भी पढ़े