ग्रामीण क्षेत्रों में प्लास्टिक कचरा प्रबंधन की प्रभावी पहल

रायपुर, 18 मई 2026/ गांवों में बढ़ते प्लास्टिक कचरे की समस्या जहां पर्यावरण और जनस्वास्थय के लिए चुनौती बन रही थी, वहीं स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण की दिशा में ग्रामीण क्षेत्रों में प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन को लेकर प्रभावी पहल की जा रही है।
स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के अंतर्गत अभनपुर विकासखंड के ग्राम पंचायत पिपरोद में प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन केन्द्र की स्थापना की गई है। प्लास्टिक अपशिष्ट के प्रबंधन के लिए जिलों में रिसाइक्लरों एवं संस्थाओं के साथ समझौता किया गया है। इसके तहत गांवों से संग्रहित प्लास्टिक कचरे को व्यवस्थित रूप से एकत्रित कर रिसाइक्लिरों तक पहुंचाया जा रहा है। ग्राम पंचायत स्तर पर प्लास्टिक कचरे के पृथक्करण, संग्रहण एवं भण्डारण की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। इस पहल से ग्रामीण क्षेत्रों में प्लास्टिक कचरे को खुले में फेंकने की प्रवृत्ति में कमी आई है तथा गांवों में स्वच्छता स्तर में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिल रहा है। प्लास्टिक अपशिष्ट को संसाधन के रूप में उपयोग कर पुनर्चक्रण (Recycling) की प्रक्रिया को भी मजबूत बनाया जा रहा है। इससे ग्रामीणों में स्वच्छता को लेकर जागरूकता भी बढ़ी है साथ ही स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी सृजित हुए हैं।

इन्हें भी पढ़े