कच्चे मकान से पक्के आशियाने तक, झंगली बाई के जीवन में आई खुशियों की नई सुबह

प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना ने बदली विशेष पिछड़ी जनजाति परिवार की जिंदगी
दो लाख रुपए की सहायता से साकार हुआ पक्के घर का सपना, बरसात की परेशानियों से मिली मुक्ति
बिलासपुर, 15 नवम्बर 2026/ कभी बरसात में टपकती छत, सीलन भरी दीवारें और जर्जर मकान में रहने की मजबूरी थी। हर बारिश अपने साथ नई चिंता लेकर आती थी। लेकिन अब इन परेशानियों की जगह सुकून और खुशियों ने ले ली है। प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महाअभियान (पीएम जनमन) के अंतर्गत संचालित आवास योजना ने विशेष पिछड़ी जनजाति की श्रीमती झंगली बाई बैगा के जीवन में खुशियों की नई सुबह ला दी है। वर्षों से पक्के मकान का सपना संजोए झंगली बाई आज अपने परिवार के साथ सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन जी रही हैं। उनका नया पक्का मकान न केवल सिर पर मजबूत छत का सहारा बना है, बल्कि बेहतर भविष्य की उम्मीदों का नया ठिकाना भी बन गया है।
जनपद पंचायत कोटा के ग्राम पंचायत दारसागर निवासी श्रीमती झंगली बाई बैगा विशेष पिछड़ी जनजाति बैगा समुदाय से हैं। उनके पति महेतर बैगा हैं। पहले उनका परिवार कच्चे और जर्जर मकान में जीवनयापन करने को मजबूर था। बरसात के दिनों में छत से पानी टपकने और दीवारों में सीलन आने से परिवार को अनेक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। सीमित आर्थिक संसाधनों के कारण पक्का मकान बनवाना उनके लिए एक अधूरा सपना बनकर रह गया था।
पीएम जनमन योजना ने दिखाई खुशहाल जीवन की राह
विशेष पिछड़ी जनजातियों को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना झंगली बाई के परिवार के लिए वरदान साबित हुई। वित्तीय वर्ष 2024-25 में योजना के अंतर्गत उनका नाम पात्र हितग्राहियों की सूची में शामिल किया गया। आवास निर्माण के लिए उन्हें दो लाख रुपए की सहायता राशि स्वीकृत हुई। इस सहायता से वर्षों पुराना पक्के मकान का सपना साकार होने की राह खुल गई।
कभी टपकती थी छत, आज मिला सुरक्षित आशियाना
ग्राम पंचायत दारसागर के अधिकारियों और तकनीकी सहायकों के मार्गदर्शन में झंगली बाई ने अपने नए मकान का निर्माण शुरू कराया। निर्माण के प्रत्येक चरण में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा गया। नींव से लेकर ईंट की दीवारों, लिंटर और मजबूत आरसीसी छत की ढलाई तक सभी कार्य व्यवस्थित ढंग से पूरे किए गए। आज उनका सुंदर और पक्का मकान बनकर तैयार है। जिस परिवार को कभी बारिश के दिनों में छत टपकने की चिंता सताती थी, वह अब अपने नए घर में निश्चिंत होकर रह रहा है।
पक्के मकान के साथ मिला सम्मान और आत्मविश्वास
झंगली बाई के लिए यह आवास केवल ईंट, सीमेंट और छत से बना एक मकान नहीं, बल्कि वर्षों के संघर्ष के बाद मिली राहत और सपनों के साकार होने की कहानी है। नए घर ने उनके परिवार को सुरक्षित आश्रय देने के साथ ही सामाजिक सम्मान और आत्मविश्वास भी दिया है। अब परिवार को मौसम की मार और असुरक्षित मकान में रहने की चिंता से मुक्ति मिल गई है। प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना से उनके जीवन में आया यह सकारात्मक बदलाव विशेष पिछड़ी जनजातियों तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचने का उदाहरण है।
झंगली बाई ने जताया शासन-प्रशासन का आभार
अपनी खुशी व्यक्त करते हुए श्रीमती झंगली बाई बैगा ने बताया, “पहले कच्चे घर में बरसात और ठंड के मौसम में बहुत परेशानी होती थी। पीएम जनमन योजना से मिली सहायता राशि से आज हमारा अपना पक्का घर बन गया है। अब हम पूरे परिवार के साथ सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन जी रहे हैं। इसके लिए हम शासन और प्रशासन के हृदय से आभारी हैं।”

इन्हें भी पढ़े

New casino players can check independent customer feedback before depositing, and reviews of 30Bet Casino may help identify common support experiences.