पुराना सिविल लाइन वाहन पार्किंग परिसर में होगा बोर खनन
पेयजल समस्या के समाधान और कर्मचारियों की सुविधा के लिए नपा अध्यक्ष ने किया भूमिपूजन
महासमुंद। नगर पालिका परिषद महासमुंद द्वारा पुराना सिविल लाइन स्थित वाहन पार्किंग परिसर में पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। परिसर में कार्यरत कर्मचारियों, वाहन चालकों एवं सफाई मित्रों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बोर खनन कार्य का भूमिपूजन नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू ने विधिवत पूजा-अर्चना कर किया।
भूमिपूजन कार्यक्रम के दौरान नपा अध्यक्ष श्री साहू ने कहा कि नगर पालिका अपने कर्मचारियों की मूलभूत सुविधाओं को लेकर गंभीर है। वाहन पार्किंग परिसर में लंबे समय से पेयजल की समस्या बनी हुई थी, जिससे यहां कार्य करने वाले कर्मचारियों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ता था। बोर खनन कार्य पूर्ण होने के बाद परिसर में स्वच्छ पेयजल की नियमित उपलब्धता सुनिश्चित हो सकेगी तथा दैनिक कार्यों में भी सुविधा मिलेगी।
उन्होंने कहा कि नगर पालिका परिषद द्वारा शहर के विभिन्न हिस्सों में आवश्यक आधारभूत सुविधाओं के विकास के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। कर्मचारियों को बेहतर कार्य वातावरण उपलब्ध कराना परिषद की प्राथमिकताओं में शामिल है। इस पहल से सफाई मित्रों सहित परिसर में कार्यरत सभी लोगों को राहत मिलेगी।
कार्यक्रम में पार्षद नीरज चन्द्राकर, पूर्व पार्षद कपील साहू, शहबाज़ राजवानी, वाहन प्रभारी सुरेश तिवारी, स्वच्छ भारत मिशन के नौशाद बक्श सहित नगर पालिका के अधिकारी-कर्मचारी एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। उपस्थित लोगों ने इस कार्य को जनहित एवं कर्मचारी हित में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए नगर पालिका परिषद की पहल की सराहना की।
